गुरुग्राम। न्यू कॉलोनी थाना इलाके की अर्जुन नगर कॉलोनी में युवक व परिवार से मारपीट और घर पर पथराव मामले में दो और आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान अमर कॉलोनी निवासी तुषार उर्फ काकू और यूपी के मैनपुरी का 19 साल का अजय शामिल हैं। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि मामले में अब तक 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। आरोपियों से पूछताछ कर टीम कार्रवाई कर रही है।
अर्जुन नगर कॉलोनी की गली नंबर-11 में ये वारदात 17 जून की देर रात लगभग साढ़े 12 बजे हुई। युवक ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि देर रात उसका भाई चिराग घर की ओर आ रहा था। तभी 3-4 बाइक पर सवार 8-10 युवकों ने आकर उसे घेर लिया। आरोपियों ने पुरानी रंजिश को लेकर चिराग से गाली-गलौज व मारपीट शुरू कर दी। झगड़े का शोर सुनकर शिकायतकर्ता, मां, भाई व अन्य परिजन बाहर आए तो उनके साथ भी आरोपियों ने मारपीट की। बचने के लिए घर का गेट बंद किया तो आरोपियों ने गेट पर पथराव कर दिया। आरोप है कि पथराव के चलते मकान के दरवाजों, खिड़कियों व अन्य सामान को नुकसान पहुंचा है। इस दौरान शिकायतकर्ता व उसके परिवार के कई सदस्यों को चोटें आईं। आरोपी जान से मारने की धमकी देकर वहां से भाग गए। शिकायत पर न्यू कॉलोनी थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस अब तक मामले में 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। आरोपियों से पूछताछ में पता चला कि आरोपियों के एक अन्य साथी की शिकायतकर्ता के भाई चिराग के साथ काफी समय से रंजिश चली आ रही है। इसी रंजिश के चलते आरोपियों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर योजनाबद्ध तरीके से शिकायतकर्ता के घर पहुंचकर शिकायतकर्ता व उसके परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट कर पथराव किया।