संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। सेक्टर 65 थाना क्षेत्र में जबरन बार में प्रवेश मांगने का विरोध करने पर बाउंसरों और कर्मचारी से मारपीट करने वाले दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों की पहचान अनुभव निवासी गांव मिरहाची, जिला इटावा (उत्तर-प्रदेश) व साहिल निवासी सेक्टर 9, जिला गुरुग्राम के रूप में हुई। अब तक कुल 7 आरोपियों की गिरफ्तार किया जा चुका है।
पुलिस के अनुसार डोनजोन ब्याज क्लब के कैशियर ने बताया कि 31 अक्तूबर की रात करीब 1 बजे तीन लड़के आए और उन्होंने कहा कि उन्हें क्लब के अंदर जाना है तो उसने कहा कि क्लब के अंदर अभी स्टैग एंट्री अलाउड नहीं है। फिर उन्होंने कहा कि हम लोकल कादरपुर के रहने वाले हैं। हमारा यहां सब कुछ अलाउड है। साथ ही हमारा खाना पीना सब कुछ अलाउड है। उसके बाद लड़के चले गए। फिर कुछ देर बाद सात-आठ लड़के आए और उन्होंने गेट पर खड़े बाउंसरों के साथ डंडों से मारपीट शुरू कर दी। जब वह बीच-बचाव करने गया तो उन्होंने उसके साथ भी मारपीट की और ईंट से इसके सिर पर चोट मारी। पुलिस थाना सेक्टर-65, गुरुग्राम में संबंधित धाराओं के तहत अभियोग अंकित किया गया। सीआईए 43 की टीम ने वारदात को अंजाम देने में शामिल 2 और आरोपियों को काबू करके अभियोग में नियमानुसार गिरफ्तार किया गया।