-पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 5 मोबाइल और 7 फर्जी सिम बरामद किए
संवाद न्यूज एजेंसी
नगीना। होटल बुकिंग के नाम पर लोगों से धोखाधड़ी करने वाले दो सगे भाइयों को गिरफ्तार करने में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी हैं। इनके पास से पांच मोबाइल फोन और सात फर्जी सिम कार्ड बरामद किए हैं। पकड़े गए आरोपियों की पहचान वसीम अकरम और हसीन के रूप में हुई है, जो उपला मोहल्ला थाना नगीना के रहने वाले हैं।
नूंह साइबर पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, उन्हें एक शिकायत मिली थी। जिसमें महाराष्ट्र के एक शिकायतकर्ता ने बताया कि उन्होंने होटल बुकिंग के लिए ऑनलाइन जानकारी हासिल की। इंटरनेट पर सर्च करने पर मिले मोबाइल नंबर पर संपर्क करने के बाद आरोपियों ने उनसे बात की और बुकिंग के नाम पर 24 हजार रुपये हड़प लिए। जब शिकायतकर्ता को होटल बुकिंग नहीं होने की जानकारी मिली तो उन्हें ठगी का एहसास हुआ । इसके बाद उन्होंने साइबर थाना के पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की। जांच में पाया गया कि ठगी में इस्तेमाल किए गए नंबरों की लोकेशन नूंह में थी। आगे की तफ्तीश में यह खुलासा हुआ कि वसीम अकरम और हसीन जो सगे भाई हैं, सोशल मीडिया पर फर्जी प्रोफाइल बनाकर होटल बुकिंग के विज्ञापन पोस्ट करते थे और लोगों को अपने जाल में फंसाते थे।
सोमवार को मिली सूचना के आधार पर साइबर थाना की टीम ने गांव जयसिंहपुर के पास से दोनों को धर दबोचा। तलाशी के दौरान उनके पास से पांच मोबाइल और सात फर्जी सिम कार्ड मिले। नूंह साइबर पुलिस ने मुकदमा दर्ज करके आरोपियों के फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइल, बैंक खातों और ठगी की रकम के होल्डर की जानकारी जुटाई। जांच में सामने आया कि ये दोनों फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल कर बैंक खाते खुलवाते थे और ठगी के पैसों को उसमें ट्रांसफर कर निकाल लेते थे।