गुरुग्राम। सेक्टर-38 मार्केट में युवकों को कार से टक्कर मारकर जान से मारने की कोशिश और फोन पर धमकी देने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान रेवाड़ी के ढाणी शोभा निवासी सुदेश और पटौदी के मऊ गांव निवासी राहुल के रूप में हुई है।
शिकायतकर्ता हिमांशु ने थाना सदर थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 18 सितंबर को वह अपने दोस्त गौरव और अन्य साथियों के साथ सेक्टर-38 मार्केट में मौजूद था। इसी दौरान सुदेश उर्फ सूरज और राहुल कार से वहां पहुंचे और कथित तौर पर शिकायतकर्ता व उसके दोस्तों को कार से टक्कर मारकर जान से मारने का प्रयास किया। शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि उसे फोन पर जान से मारने की धमकी दी गई। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि सुदेश की शिकायतकर्ता के दोस्त और साले के साथ रंजिश थी। इसी रंजिश के चलते आरोपियों ने राहुल की कार का इस्तेमाल कर शिकायतकर्ता और उसके साथियों को टक्कर मारने का प्रयास किया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। संवाद