वारदात के दो घंटे बाद ही पुलिस ने आरोपियों को किया गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। पालम विहार थाना क्षेत्र में ऑनलाइन कैब बुक कराने के बाद चालक का अपहरण कर लूट करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को दो घंटे के भीतर ही काबू कर लिया है। आरोपी नशा करने के आदी हैं और उन्होंने अपनी इस लत को पूरा करने के लिए वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पुलिस आयुक्त विकास अरोड़ा ने 24 घंटे के भीतर वारदात का खुलासा करने वाले पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र दिया है।
बृहस्पतिवार शाम को पुलिस कंट्रोल रूम को एक सूचना मिली थी कि पालम विहार क्षेत्र में एक वैगनार कैब के ड्राइवर को कुछ लोगों ने हथियार के बल पर बंधक बना लिया है और अपने साथ ले गए हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी इंस्पेक्टर दीपक कुमार अपनी टीम के साथ पूरे क्षेत्र में आरोपियों की तलाश करने लगे। कुछ ही देर में पुलिस ने आरोपियों को कृष्णा चौक के पास से काबू कर लिया। आरोपियों की पहचान धर्म कॉलोनी के रहने वाले कपिल और प्रदीप के रूप में हुई है।
आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि ये दोनों फिलहाल कोई काम नही करते और नशा करने के आदी हैं। योजना बनाकर रुपए पाने व अपने नशे की पूर्ति करने के इरादे से उन्होंने ऑनलाइन कैब बुक की थी। इनके द्वारा बुक की गई कैब ड्राइवर इन्हें पिकअप करने आया तो इन्होंने उसको पिस्तौल नुमा हथियार दिखाकर बंधक बना लिया और उससे रुपये देने के लिए कहा।
ड्राइवर के पास कुल 100 रुपए ही मिले। फिर इन्होंने ड्राइवर के मोबाइल फोन से एक रेहड़ी वाले को 400 रुपये ट्रांसफर करके उससे नकद ले लिए। उसके बाद इन्होंने एक राह चलते हुए व्यक्ति को भी जबरन गाड़ी में बैठा लिया। इससे इन आरोपियों ने 2500 रुपये लूट लिए और उसे कैब से उतार दिया। इसी दौरान पुलिस टीम द्वारा इनके द्वारा लूटी गई गाड़ी के आगे अपनी गाड़ी लगाकर पकड़ लिया।