एचएमआरटीसी की विभिन्न विभागों के साथ हुई बैठक, आपत्ति और सुझाव मांगे
15 दिन का समय दिया है विभागों को, इसके बाद तैयार होगी विस्तृत कार्य योजना
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। शहर के वाटिका चौक से मानेसर के पचगांव तक करीब 35 किलोमीटर के रूट पर मेट्रो रूट के संबंध में शुक्रवार को हरियाणा मास रेपिड ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन लिमिटेड (एचएमआरटीसी) की विभिन्न विभागों के साथ बैठक हुई। बैठक में रेल इंडिया टेक्निकल एंड इकॉनोमिक सर्विसेस (आरआईटीईएस) की तरफ से जो मसौदा तैयार किया गया, उसे सभी विभागों के समक्ष रखा गया। सभी विभागों से इस पर आपत्ति और सुझाव देने का आग्रह किया है। इसके बाद विस्तृत कार्य योजना (डीपीआर) तैयार की जाएगी। विभागों को इसके लिए 15 दिन का समय दिया गया है।
बैठक में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई), गुरुग्राम मेट्रोपॉलिटन डेवलपमेंट अथॉरिटी (जीएमडीए) नगर निगम गुरुग्राम, दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम लिमिटेड (डीएचबीवीएनएल), अन्य नौ विभागों के अधिकारी शामिल हुए। सभी के समक्ष मसौदा प्रस्तुत किया गया। बैठक में शामिल हुए एक अधिकारी के मुताबिक यह मेट्रो रूट 35 किलोमीटर का होगा। इसमें करीब 16 स्टेशन हो सकते हैं। मेट्रो स्टेशनों की संख्या विभागों की प्रतिक्रिया के बाद बढ़ भी सकती है। कुछ विभागों ने मेट्रो स्टेशनों की संख्या बढ़ाने की बात भी बैठक में रखी। कहा जा रहा है कि वाटिका चौक से सदर्न पेरिफेरल रोड होते हुए लाइन सेक्टर-36 ए, ग्लोबल सिटी से होकर सेक्टर-84, सेक्टर-86 पहुंचेगी। इसके बाद आईएमटी मानेसर, केएमपी एक्सप्रेस वे और दिल्ली-जयपुर एक्सप्रेस वे पर चढ़कर पचगांव तक जाएगी।
एचएमआरटीसी ने आरआईटीईएस को वाटिका चौक से मानेसर तक मेट्रो रूट के लिए विस्तृत कार्य योजना (डीपीआर) तैयार करने का काम सौंपा था। प्लान के अनुसार वाटिका चौक से एसपीआर होकर खेड़की दौला तक मेट्रो चलेगी। इसके बाद मानेसर पहुंचेगी।