जिले के स्कूलों को नहीं मिला था मेल, एतिहात के तौर पर स्कूल प्रशासन ने बच्चों को भेजा घर
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। दिल्ली में एयरफोर्स के दो बड़े स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी को थ्रेट ईमेल मिलने से एतिहात के तौर पर गुरुग्राम के दो एयरफोर्स स्कूलों को खाली कराया गया था। सोमवार की सुबह स्कूल प्रशासन ने सभी बच्चों की छुट्टी करके सुरक्षित घर भेज दिया। हालांकि, दोनों स्कूलों में धमकी भरा ईमेल नहीं मिला। स्कूल प्रशासन की ओर से भी इस बारे में कोई बातचीत नहीं की गई।
ओल्ड दिल्ली रोड स्थित एयरफोर्स स्कूल में सेक्टर-14 थाने की पुलिस और राजीव चौक के पास स्थित एयरफोर्स स्कूल में नाहरपुर रूपा चौकी की पुलिस पहुंची थी। हालांकि, दोनों स्कूलों में एयरफोर्स कैंप की टीमों ने स्कूल परिसरों में एतिहात के तौर पर तलाशी अभियान चलाया था। बच्चों के अभिभावकों को स्कूल में छुट्टी होने का मैसेज दिया गया था। बच्चे स्कूली वाहनों में घर गए। वहीं, कुछ बच्चों को उनके अभिभावक स्कूल के गेट पर ही लेने पहुंच गए। हालांकि स्कूलों की ओर से इस मामले में किसी भी जानकारी देने या बात करने से मना कर दिया।
पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि दोनों स्कूलों में संबंधित थानों की पुलिस टीमों को भेजा गया था। गुरुग्राम के किसी भी स्कूल को कोई थ्रेट ईमेल नहीं मिली है। दोनों स्कूलों के प्रबंधन ने किसी तरह की ईमेल आने मना किया है। थ्रेट ईमेल दिल्ली के स्कूलों में आई थी।