कार लोन रिकवरी करने वाले बताकर वारदात को देते थे अंजाम
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। थाना बजघेड़ा की पुलिस टीम ने कार लोन रिकवरी करने वाले बताकर फर्जी तरीके से कार लूटने व रुपये ट्रांसफर कराने के मामले में दो आरोपी आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आगामी पूछताछ व बरामदगी के लिए आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है। इस मामले में अब तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
11 मार्च को एक व्यक्ति ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 10 जनवरी को वह कंसेंट मॉल सेक्टर-109 के पास था। इसी दौरान एक व्यक्ति उनके पास आया और अपने आपको कार लोन रिकवरी विभाग के कर्मचारी बताते हुए उनकी कार में बैठ गया। उनके अन्य साथी दूसरी कार में थे। उस व्यक्ति ने सेटलमेंट के लिए शिकायतकर्ता से 10 हजार रुपये मांगे। जब उन्होंने रुपये देने से मना किया तो युवक ने उनको थप्पड़ मारे और शिकायतकर्ता से कहलवाया कि उनकी कार की किस्तें पेंडिंग हैं और यह गाड़ी उन्हें दे रहा है। इसके बाद युवकों ने फोन पर शिकायतकर्ता को डरा-धमकाकर 30/31 जनवरी को लगभग 50 हजार रुपये ट्रांसफर करवा लिए। रुपये देने के बाद भी वह युवक कार नहीं लौटा रहा था और अलग-अलग बहाने बना रहा है। शिकायत के आधार पर थाना बजघेड़ा में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज करके छानबीन शुरू की। इस मामले में पुलिस ने 11 मार्च को ही तीन आरोपियों को गिरफ्तार का लिया था।
वहीं, अब पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान सुरेंद्र उर्फ सलेंदर और सुमित उर्फ सन्नी उर्फ लंगड़ा निवासी गांव गुगाना गुरुग्राम के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपी सुरेंद्र को बीते सोमवार को फर्रुखनगर से और आरोपी सुमित को
वृंदावन से मंगलवार को गिरफ्तार किया है। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उनके एक अन्य साथी के मोबाइल में एक एप है। उस एप के माध्यम से जिस गाड़ी को लोन पर लिया हुआ है, उसकी पूरी जानकारी सहित उनके द्वारा भुगतान की गई लोन की किस्त व बकाया किस्त का विवरण हासिल कर लेते थे। जिस गाड़ी की किस्त बकाया होती थी ये उस गाड़ी को ढूंढ़ते और उस गाड़ी के मालिक को अपना परिचय लोन रिकवरी विभाग के कर्मचारी बताते हुए उससे गाड़ी लूट लेते। गाड़ी मालिक को धमकी देते हुए रुपये भी ट्रांसफर करवा लेते।