- आरोपियों को दो दिन के रिमांड पर लेकर की जा रही है पूछताछ, 2.30 लाख रुपये में गाड़ी बेचने का आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। सेक्टर-5 थाने की पुलिस ने किराये पर ली गई थार को राजस्थान में बेचने के मामले में 14 मई को दो आरोपियों को बहादुरगढ़ से गिरफ्तार किया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को 15 मई को अदालत में पेश करके दो दिन के रिमांड पर लेकर पूछताछ की। मामले में पुलिस आगामी कार्रवाई कर रही है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान झज्जर के बहादुरगढ़ (हरिनगर) निवासी मनोज पंवार (34) और झज्जर के डाबोदा गांव निवासी सुमित (23) के रूप में हुई है। आरोपियों से पूछताछ में पता चला कि उन्होंने घूमने के लिए थार को दो दिन के लिए किराये पर लिया था। जिसे उन्होंने 2.30 लाख रुपये में राजस्थान में किसी अन्य व्यक्ति को बेच दिया। आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड खंगालने पर पता चला कि मनोज के खिलाफ बहादुरगढ़ में लड़ाई-झगड़े संबंधी मामला दर्ज है। वहीं, सुमित के खिलाफ शस्त्र अधिनियम और एक्साइज के दो मामले सोनीपत व बिहार में दर्ज हैं।
3 मई को सेक्टर-5 थाने में दी शिकायत में व्यक्ति ने पुलिस को बताया कि उनका सेक्टर-6 में गाड़ियों को किराये पर देने का कार्यालय है। 22 अप्रैल को एक युवक गाड़ी ले गया था। निर्धारित समय बीत जाने के बाद भी उक्त युवक ने थार वापस नहीं लौटाई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने सेक्टर-5 थाने में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की।
वर्जन
दोनों आरोपियों को दो दिन के रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। राजस्थान में जिस व्यक्ति को थार बेची गई है, उसके बारे में जानकारी ली गई है। आगामी कार्रवाई के लिए दोनों आरोपियों को सोमवार को फिर से अदालत में पेश किया जाएगा।
-सत्यवान, इंस्पेक्टर व प्रभारी, सेक्टर-5 थाना।