चालक पर लापरवाही से ट्रक चलाने का आरोप, प्राथमिकी दर्ज
मृतक के भाई की शिकायत पर पुलिस ने जांच की शुरू
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। भोंडसी थाना के हरियाहेड़ा गांव में करंट लगने से ट्रक पर हेल्पर की मौत हो गई। हेल्पर की पहचान राकेश पाल (38) निवासी डोमनपुर गांव, संत रविदास नगर, यूपी के रूप में हुई है। आरोप है कि चालक लापरवाही से ट्रक चला रहा था जिस कारण बिजली की हाईटेंशन लाइन से करंट उतर गया और राकेश उसकी चपेट में आ गया। पुलिस ने मृतक के भाई मुकेश कुमार पाल की शिकायत पर ट्रक चालक विजय कुमार के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की है।
राकेश करीब तीन माह से एक निजी कंपनी में कार्यरत था। 10 जुलाई को वह ट्रक में मशीन लेकर गुरुग्राम आ रहा था। हरियाहेड़ा गांव के पास ट्रक का ऊपरी हिस्सा बिजली की लाइन से छू गया, जिससे ट्रक में करंट फैल गया और राकेश उसकी चपेट में आ गया। गंभीर रूप से झुलसने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही भोंडसी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने फॉरेंसिक टीम और ड्यूटी मजिस्ट्रेट को बुलाकर घटनास्थल का निरीक्षण कराया।
शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। चालक विजय कुमार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर छानबीन की जा रही है। जांच के दौरान ट्रक की तकनीकी स्थिति, घटनास्थल के हालात संबंधी जो साक्ष्य सामने आएंगे, उसी आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।
- संत कुमार, जांच अधिकारी, भोंडसी थाना