मानेसर। दिल्ली-जयपुर हाईवे स्थित मानेसर में सर्विस रोड का निर्माण कार्य धीमी गति से चलने के कारण रोजाना वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खासकर सुबह और शाम के समय यहां जाम की स्थिति बन जाती है, जिससे लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में ज्यादा समय लग रहा है।
मानेसर ग्रामीण निवासी सतपाल यादव ने बताया कि सर्विस रोड का काम काफी समय से चल रहा है लेकिन इसकी रफ्तार बहुत धीमी है। हाईवे के दोनों तरफ निर्माणाधीन सड़क पर ही कई वाहन चालक अपने वाहनों को खड़ा कर देते हैं, जिससे बाकी बचे हिस्से से ही वाहनों को गुजरना पड़ता है। इसी कारण यहां ट्रैफिक की समस्या और बढ़ जाती है। सड़क पर वाहन खड़े होने से निर्माण कार्य में भी दिक्कत आती है। कई बार मजदूरों और मशीनों को काम करने के लिए पर्याप्त जगह नहीं मिल पाती। मोकलवास निवासी रोहतास सिंह ने बताया कि सुबह ऑफिस जाने के समय और शाम को काम से लौटते समय जाम की समस्या ज्यादा बढ़ जाती है। मानेसर निवासी रोहित ने बताया कि इलाके में पार्किंग की कोई व्यवस्था नहीं है। संवाद