- फेसबुक पर टॉय कार का विज्ञापन देखकर किया संपर्क
- पेमेंट न पहुंचने की बात कहकर कई बार में रुपये कराए ट्रांसफर
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। साइबर ठग ने इलेक्ट्राॅनिक टॉय कार भेजने का झांसा देकर एक युवक से 1,11,937 रुपये की ठगी कर ली। पेमेंट न पहुंचने की बात कहकर ठग ने कई बारे में पीड़ित युवक से रुपये ट्रांसफर कराए। पीड़ित युवक की शिकायत के आधार पर साइबर अपराध थाना मानेसर की पुलिस ने मामला दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है।
मानेसर स्थित पचगांव (ग्वालियर) निवासी प्रीतम ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 27 जून को उसने फेसबुक पर गुरु टॉय का विज्ञापन देखा था। जब उसने विज्ञापन पर क्लिक किया तो उसके पास अनजान नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले से इलेक्ट्रानिक टॉय कार की कीमत के बारे में बातचीत हुई तो 5700 रुपये पर सहमति बनी और उसके द्वारा भेजे गए स्कैनर पर रुपयों का भुगतान कर दिया। भुगतान होने के बाद कहा गया कि दो दिन बाद टॉय कार भेज दी जाएगी।
29 जून को प्रीतम के मोबाइल पर एक नंबर कॉल आई कि वह इलेक्ट्राॅनिक कार देने आया है। हमारा जीपीएस बंद हो गया है। इसको ऑन करने के लिए 8150 रुपये देने होंगे, तभी जीपीएस चलेगा। प्रीतम ने डिलीवरी बॉय को रुपये भेजकर स्क्रीनशॉट भेज दिया। इसके बाद डिलीवरी बॉय ने कहा कि 8100 रुपये व 50 रुपये अलग-अलग भेजने थे। साइबर ठग ने बताया कि अभी पेमेंट नहीं पहुंची है। इस तरह से बातों में उलझाकर साइबर ठगों ने प्रीतम से कई बार में कुल 1,11,937 रुपये ट्रांसफर कराए लिए। इसके बाद प्रीतम को उसके साथ हुई ठगी का एहसास हुआ।