गुरुग्राम। विशेष आवश्यकता वाले बच्चों की शिक्षा को अधिक प्रभावी बनाने के लिए शिक्षकों के लिए पांच दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित किया जाएगा। यह प्रशिक्षण एनसीईआरटी के निर्देश पर यह प्रशिक्षण 29 जून से 3 जुलाई तक सीआईईटी -एनसीईआरटी की ओर से आयोजित किया जाएगा।
प्रशिक्षण में जिला शिक्षा अधिकारियों, खंड शिक्षा अधिकारियों और डाइट के माध्यम से शिक्षकों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। इसमें विशेष रूप से ऐसे बच्चों की शिक्षा पर ध्यान दिया जाएगा जिन्हें सुनने और देखने दोनों में कठिनाई होती है। शिक्षकों को इन विद्यार्थियों से प्रभावी संवाद स्थापित करने, उनकी सीखने की जरूरतों को समझने और सरल व व्यावहारिक शिक्षण तकनीकों का उपयोग करने का प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण के दौरान सहायक शिक्षण सामग्री और तकनीकी संसाधनों के उपयोग की भी जानकारी दी जाएगी, ताकि विशेष बच्चों की पढ़ाई को अधिक सहज और प्रभावी बनाया जा सके। यह प्रशिक्षण पूरी तरह निशुल्क रहेगा। प्रशिक्षण के अंत में आयोजित ऑनलाइन क्विज में 70 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को ई-प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा। संवाद