रविवार को जारी रही ग्रेडेशन प्रक्रिया, सोमवार को भी खुलेगा कार्यालय
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग की ग्रुप-डी भर्ती से पहले पात्र खिलाड़ियों को समय पर स्पोर्ट्स ग्रेडेशन प्रमाण पत्र उपलब्ध कराने के लिए खेल विभाग ने छुट्टी के दिन भी काम शुरू कर दिया है। रविवार को जिला खेल कार्यालय खुला रहा, जहां खिलाड़ियों के दस्तावेजों की जांच और ग्रेडेशन प्रमाण पत्र तैयार करने का कार्य जारी रहा। संत कबीर जयंती के सरकारी अवकाश के बावजूद विभाग ने सोमवार को भी कार्यालय खोलने का निर्णय लिया है, ताकि तीन जुलाई तक सभी पात्र खिलाड़ियों को प्रमाण पत्र उपलब्ध कराए जा सके।
गुरुग्राम मंडल कार्यालय में गुरुग्राम के अलावा रेवाड़ी, पलवल, फरीदाबाद और नूंह जिले के खिलाड़ियों के स्पोर्ट्स ग्रेडेशन प्रमाण पत्र तैयार किए जा रहे हैं। इसके लिए गुरुग्राम के डिप्टी डायरेक्टर स्पोर्ट्स गिरिराज ने प्रशिक्षकों की एक विशेष समिति गठित की है, जो खिलाड़ियों के दस्तावेजों की बारीकी से जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद पात्र खिलाड़ियों को ग्रेडेशन प्रमाण पत्र जारी किए जाएंगे। खेल विभाग के अधिकारियों के अनुसार 2025 में आयोजित खेल महाकुंभ में करीब 1,500 खिलाड़ियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लिया था, जिनमें 400 से अधिक खिलाड़ियों ने पदक जीते थे।
संशोधित स्पोर्ट्स ग्रेडेशन नीति लागू होने के बाद इन सभी पात्र खिलाड़ियों को ग्रेडेशन प्रमाण पत्र जारी किए जा रहे हैं। इससे बड़ी संख्या में खिलाड़ियों को सरकारी नौकरियों में खेल कोटे का लाभ मिलेगा। विभाग का लक्ष्य जुलाई के पहले सप्ताह तक ग्रेडेशन प्रमाण पत्र जारी करने की प्रक्रिया पूरी करना है। अधिकारियों का कहना है कि समय पर प्रमाण पत्र मिलने से खिलाड़ी हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग की ग्रुप-डी भर्ती सहित अन्य सरकारी नौकरियों में बिना किसी तकनीकी बाधा के आवेदन कर सकेंगे। इसी उद्देश्य से अवकाश के दिन भी कर्मचारियों और प्रशिक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है।
-
ग्रेडेशन प्रक्रिया को तेज कर दिया गया है। रविवार को भी खिलाड़ियों के प्रमाण पत्र तैयार किए गए हैं और सोमवार को भी कार्यालय खुला रहेगा, ताकि सभी पात्र खिलाड़ियों को समय पर स्पोर्ट्स ग्रेडेशन प्रमाण पत्र उपलब्ध कराए जा सकें। - आरती कोहली, जिला खेल अधिकारी