संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। जिला प्रशासन की ओर से प्रधानमंत्री की युवा आपदा मित्र योजना के तहत युवाओं को आपदा से निपटने का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। 20 से 26 अप्रैल तक चलने वाले पहले बैच में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) से जुड़े कॉलेज और स्कूलों के 52 स्वयंसेवकों ने हिस्सा लिया।
यह सात दिन का प्रशिक्षण शिविर जिला राजस्व अधिकारी व परियोजना अधिकारी पूनम मान के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ। वहीं, जिला नोडल अधिकारी प्राची और जिला समन्वयक किशोर कुमार ने पूरे कार्यक्रम की निगरानी की।
प्रशिक्षण के दौरान युवाओं को प्राकृतिक आपदाओं में लोगों की सुरक्षा, प्राथमिक उपचार और राहत कार्यों के बारे में जानकारी दी गई। एनडीआरएफ की मदद से उन्हें अलग-अलग परिस्थितियों में सही तरीके से काम करना भी सिखाया गया। इसका उद्देश्य युवाओं को अनुशासित और आपदा के समय मदद के लिए तैयार बनाना है। प्रशिक्षण का संचालन डॉ. अंशु तिवारी कर रहे हैं। अगला बैच 12 से 18 मई तक आयोजित किया जाएगा।