जीएमडीए सड़क के दोनों ओर एक-एक अतिरिक्त लेन तैयार करेगा
सेक्टर-51/52 रोड के जीर्णोद्धार कार्य की शुरुआत कर दी है
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) ने दक्षिणी पेरिफेरल रोड (एसपीआर) और सेक्टर-51/52 डिवाडिंग रोड के जीर्णोद्धार कार्य की शुरुआत कर दी है। एसपीआर पर वाटिका चौक से घाटा गांव तक सड़क सुधार और चौड़ीकरण का कार्य कराया जाएगा। एसपीआर शहर की प्रमुख सड़कों में शामिल है। फरीदाबाद से गुरुग्राम होते हुए दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे और दिल्ली-जयपुर हाईवे की ओर जाने वाले वाहन चालक इसी मार्ग का उपयोग करते हैं।
एनसीआर में इस सड़क पर वाहनों का दबाव काफी अधिक रहता है। भविष्य में इस मार्ग को एलिवेटेड बनाने की योजना है, लेकिन इसमें समय लगने की संभावना को देखते हुए फिलहाल यातायात को सुगम बनाने के लिए सड़क चौड़ीकरण का कार्य किया जा रहा है। यह सड़क आठ लेन की है, लेकिन किनारों पर कच्चे और गहरे हिस्सों के कारण वाहन चालकों को परेशानी होती है। इसे ध्यान में रखते हुए सड़क के दोनों ओर एक-एक अतिरिक्त लेन बनाई जाएगी। जीएमडीए के सीईओ से मंजूरी मिलने के बाद ठेकेदार को कार्य सौंप दिया गया है। परियोजना पर करीब छह करोड़ रुपये खर्च होंगे और नौ माह में कार्य पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
सेक्टर-51/52 की मुख्य सड़क भी बनेगी मॉडल रोड
जीएमडीए सेक्टर-51 और 52 की मुख्य सड़क को मॉडल रोड के रूप में विकसित करने जा रहा है। इस सड़क पर भी निर्माण कार्य शुरू हो चुका है। सड़क बनने से वजीराबाद, कन्हई और आसपास की सोसाइटियों में रहने वाले लोगों को राहत मिलेगी। अधिकारियों के अनुसार, सड़क को केवल मरम्मत तक सीमित नहीं रखा जाएगा, बल्कि इसे पूरी तरह से री-डिजाइन किया जाएगा। सड़क के दोनों ओर ड्रेन बनाई जाएगी, पैदल यात्रियों के लिए सुरक्षित फुटपाथ तैयार किए जाएंगे और ग्रीन बेल्ट को भी बेहतर किया जाएगा। सेक्टर-51 और 52 के डिवाइडिंग रोड की हालत लंबे समय से खराब थी, जिसे करीब नौ करोड़ रुपये की लागत से सुधारा जाएगा।
-
एसपीआर और सेक्टर-51 व 52 की सड़क को सुधारने का कार्य शुरू हो गया है। सड़क बनने से शहर में यातायात सुगम होगा और लोगों को जाम से राहत मिलेगी। - अमित कुमार, कार्यकारी अभियंता, जीएमडीए