निगम और बिजली विभाग का निर्माण कार्य हुआ पूरा, मिलेगी राहत
संवाद न्यूज एजेंसी
बादशाहपुर। सेक्टर-56 स्थित जलवायु टावर के पास पिछले करीब 15-20 दिनों से चल रहे बिजली निगम और नगर निगम के निर्माण कार्य से परेशान स्थानीय निवासियों को अब जल्द राहत मिलने वाली है। बुधवार को संबंधित विभागों द्वारा भूमिगत और तकनीकी कार्य पूरा कर लिया गया जिसके बाद अब सड़क को दोबारा आवाजाही के लिए तैयार करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
निर्माण कार्य के दौरान सड़क की खुदाई कर निकली मिट्टी को सर्विस लेन के किनारे डाल दिया गया था जिससे मार्ग पूरी तरह बाधित हो गया था। हालत ऐसी हो गई थी कि चार पहिया वाहनों की आवाजाही बंद हो गई थी जबकि दोपहिया वाहन चालक भी जान जोखिम में डालकर यहां से गुजरने को मजबूर थे। बीते दिनों हुई हल्की बारिश के बाद सड़क पर कीचड़ और फिसलन बढ़ गई थी जिससे हादसों का खतरा लगातार बना हुआ था। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क बंद होने से उन्हें लंबा वैकल्पिक रास्ता अपनाना पड़ रहा था।
मामले की जानकारी मिलने के बाद संबंधित विभागों के साथ लगातार समन्वय किया गया। निगम और बिजली विभाग का काम पूरा हो गया है। अब जल्द ही सड़क निर्माण कार्य शुरू कर इसे आम लोगों की आवाजाही के लिए दोबारा खोल दिया जाएगा।
- सोनिया यादव, पार्षद, वार्ड-21