सीआरपीएफ के जवानों ने भी दिया सहयोग
आग लगने के कारणों की नहीं हो सकी पुष्टि
संवाद न्यूज एजेंसी
सोहना। सोहना खंड के गांव दमदमा की अरावली पहाड़ी में लगी आग पर काबू पा लिया गया है जिसको बुझाने में दमकल कर्मचारियों की टीम के अलावा करीब 2 दर्जन सीआरपीएफ के जवानों ने भी काफी मशक्कत की थी। आग बुझाने में विभागीय टीम द्वारा 6 गाड़ियों का इस्तेमाल किया गया था। वहीं आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है।
विदित है कि खंड के गांव दमदमा से लगती अरावली पहाड़ी में बृहस्पतिवार की दोपहर करीब एक बजे अचानक ही भीषण आग सुलग उठी। ग्रामीणों ने जैसे ही आग का धुआं देखा तो ग्रामीण आग बुझाने के लिए पहाड़ी पर चढ़ गए। पर जब आग बेकाबू हो गई तो ग्रामीणों ने अग्निशमन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीम करीब आधे घंटे बाद मौके पर पहुंच गई और आग को बुझाने लगी। टीम ने आग बुझाने के लिए 6 गाड़ियों का उपयोग किया। पर काफी मशक्कत के बाद भी जब आग पर काबू नहीं पाया जा सका तो सीआरपीएफ के जवानों को बुलाया गया। जवानों के पहुंचने के बाद भी आग तेजी से बढ़ती गई। जो गांव खेड़ला तक पहुंच गई। आग से बिटौड़े, सूखी लकड़ियां, घास फूस आदि पूर्ण रूप से जल गए हैं। उक्त आग रात्रि करीब 9 बजे बुझ सकी थी। वहीं अग्निशमन विभाग के प्रभारी देवेंद्र सिंह बताते हैं कि आग पर काबू पा लिया गया है जिसके लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। आग लगने से कोई जन हानि नहीं हुई है।