ड्रेनेज की खोदाई की मिट्टी सड़क पर डालने के कारण लग रहा जाम
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। गुरुग्राम के पुराने दिल्ली रोड पर लोगों को प्रतिदिन जाम की समस्या से जूझना पड़ रहा है। डूंडाहेड़ा हनुमान मंदिर से ज्वाला मिल तक मात्र पांच मिनट का रास्ता है लेकिन जाम के कारण इसको पार करने में एक से डेढ़ घंटा लग जाता है। प्रतिदिन लगने वाले जाम के कारण लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए कोई ट्रैफिक पुलिसकर्मी भी तैनात नहीं है।
दिल्ली रोड पर मारूति कंपनी से आगे डूंडाहेड़ा तक नगर निगम द्वारा ड्रेनेज का काम किया जा रहा है। ड्रेनेज के कार्य के लिए खोदाई भी साथ-साथ चल रही है। नगर निगम की कार्य करने वाली एजेंसी की लापरवाही के कारण ड्रेनेज की खोदाई की मिट्टी और रोड़ी, रोड के साथ-साथ पड़ी हुई है। इससे रोड संकरी हो जाती है जिसकी वजह से यह रोड वाहनों का दबाव नहीं झेल पाती है, इसी कारण कारण जाम लगता है।
नगर निगम के एसडीओ प्रेम सिंह ने बताया कि ड्रेनेज का कार्य चल रहा है। अगर सब कुछ सुचारु रुप से चलता रहा तो ड्रेनेज का कार्य अभी लगभग दो महीने तक चलेगा। उन्होंने बताया कि मानसून से पहले इस कार्य को पूरा करना है। जिससे बरसात के दिनों में लोगों को जलभराव की समस्या से न जूझना पड़े।