खेड़कीदौला टोल को पचगांव में शिफ्ट करने का मामला
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण के सेक्टर 44 स्थित कार्यालय में सीईओ श्यामल मिश्रा की अध्यक्षता में एनएचएआई और संबंधित विभागों की बैठक हुई। इसमें नई जगह पर जमीन देने के मामले पर चर्चा गई। इसमें निर्णय लिया गया कि बुधवार को टीम मौका मुआयना कर उपयुक्त जमीन की पहचान करेगी। इसके बाद जमीन को एनएचएआई को ट्रांसफर किया जाएगा। नई जगह पर भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) को 28 एकड़ जमीन चाहिए।
दिल्ली-जयपुर हाईवे (एनएच-48) स्थित खेड़कीदौला टोल को पचगांव में शिफ्ट किया जाना है। पचगांव में टोल बनाने के लिए हरियाणा राज्य औद्योगिक एवं अवसंरचना विकास निगम लिमिटेड (एचएसआईआईडीसी) ने एनएचएआई को 28 एकड़ जमीन दी थी। एनएचएआई ने पचगांव में टोल शिफ्ट करने का काम शुरू किया तो कई गांव के लोग अंडरपास और टोल को मानेसर की ओर बनाने को लेकर प्रदर्शन करना शुरू कर दिया। बाद में केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने एनएचएआई, जीएमडीए और गांव वालों के साथ बैठक की थी। मंत्री ने पचगांव से टोल को मानेसर की ओर से करीब एक किलोमीटर पहले शिफ्ट करने को कहा था। ऐसे में प्रस्तावित जगह पर टोल बनाने के लिए एनएचएआई को करीब 28 एकड़ जमीन की जरूरत है।
एनएचएआई के परियोजना निदेशक योगेश तिलक ने बताया कि टोल के लिए 28 एकड़ जमीन की जरूरत है। उन्होंने बताया कि बुधवार को संबंधित विभागों के साथ मौका मुआयना किया जाएगा। इसमें उपयुक्त जमीन की पहचान कर प्रशासन को बताया जाएगा। जमीन मिलने के बाद काम शुरू किया जाएगा। एनएचएआई के अनुसार पचगांव में फ्लाईओवर पर काम जल्द शुरू हो जाएगा। दूसरी ओर सीईओ ने हीरो होंडा और उमंग भारद्वाज तक सड़क निर्माण की समीक्षा की। सीईओ ने एनएचएआई से बिजली के पोल हटाने समेत अन्य कार्यों को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए हैं।