मकान का दरवाजा तोड़कर दिया वारदात को अंजाम
आरोपियों से आठ मोबाइल, एक लैपटॉप और कार बरामद
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। अपराध शाखा सोहना की पुलिस ने कमरे से लैपटॉप और मोबाइल चोरी करने वाले दो आरोपियों को बल्लभगढ़-सोहना मोड़ के पास से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों से आठ मोबाइल, एक लैपटॉप और वारदात में प्रयोग की गई एक कार बरामद की है। पुलिस मामले में आगामी कार्रवाई कर रही है।
आरोपियों की पहचान फरीदाबाद के फतेहपुर गांव निवासी तबरेज उर्फ राहुल उर्फ तब्बू और साहिल उर्फ अंकित के रूप में हुई है। आरोपियों ने पूछताछ में गुरुग्राम से चोरी करने की तीन अन्य वारदातों को भी अंजाम देने का खुलासा किया। आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड जांचने पर पता चला कि आरोपी तबरेज पर चोरी करने के दो मामले गुरुग्राम व दो मामले फरीदाबाद में दर्ज हैं। जबकि आरोपी पंकज पर चोरी करने के तीन मामले फरीदाबाद में व एक मामला गुरुग्राम में दर्ज है।
22 अगस्त को एक व्यक्ति ने सेक्टर-65 थाने में दी शिकायत में बताया कि 21 अगस्त को किसी अज्ञात ने सेक्टर-62 स्थित उसके घर का ताला तोड़कर एक लैपटॉप व एक मोबाइल चोरी कर लिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन करते हुए दो आरोपी गिरफ्तार किए हैं।