टोल के बीस किमी के दायरे में आने वाले वाहन चालकों को जारी होना है पास
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। द्वारका एक्सप्रेसवे पर टोल टैक्स की वसूली शुरू होते ही आसपास की सोसाइटियों और गांवों के लोगों में नाराजगी है। ऐसे में टोल के बीस किमी के दायरे में आने वाली सोसाइटियों और गांवों में पास बनाने के लिए कैंप लगाए जाएंगे।
द्वारका एक्सप्रेसवे पर टोल टैक्स रविवार से शुरू हो गया है। इससे टोल के आसपास के लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है और कई आरडब्ल्यूए इसका विरोध कर रहे हैं। ऐसे में टोल पर अभी टैक्स वसूली को ज्यादा जोर नहीं दिया जा रहा है। टोल पर व्यवस्था सुधारने पर जोर है। एनएचएआई के एक अधिकारी ने बताया कि खेड़कीदौला टोल के दायरे में आने वाले गांव के करीब 2500 लोगों के पास बने हुए हैं। उन्होंने बताया कि द्वारका एक्सप्रेसवे पर टोल पर पास को लेकर एक ही दिन में 2500 से ज्यादा पास जारी किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि द्वारका एक्सप्रेसवे के साथ काफी हाईराइज सोसाइटियां हैं। इन सोसाइटियों में कैंप लगाकर पास जारी करने की योजना है। अधिकारी ने बताया कि इस बारे में जिला प्रशासन को जानकारी दी। जल्द ही सोसाइटियों में टोल के लिए मासिक पास बनाने का काम शुरू होगा। अधिकारी ने बताया कि टोल के बीस किमी के दायरे में आने वाले लोगों का 340 रुपये देकर मासिक पास बनाया जाना है। ऐसे में एनएचएआई एक दर्जन सोसाइटियों में कैंप लगाएगा।