- वेबसाइट धीमा होने से आयकर प्रोफेशनल्स की बढ़ी चिंता
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। आयकर रिटर्न दाखिल करने का आखिरी दिन सोमवार है। आयकर विभाग की वेबसाइट धीमी होने के कारण रिटर्न भरने वालों को काफी दिक्कत आ रही है। शहर के सीए, टैक्स कंसल्टेंट और विशेषज्ञों ने आयकर जमा करने के लिए पांच से 10 दिनों का अतिरिक्त समय देने की मांग की है।
सीए मनोज कुमार ने बताया कि आयकर रिटर्न भरने में काफी दिक्कत आ रही है। पोर्टल धीमा चलने के कारण सलाहकार काम नहीं कर पा रहे हैं। वित्तीय सलाहकार एडवोकेट पंकज वर्मा ने बताया कि रविवार शाम पोर्टल चलना शुरू हुआ मगर कई फंक्शन अभी भी काम नहीं कर रहे हैं। टैक्स चालान तो बिल्कुल जमा नहीं कर पा रहे हैं। वेबसाइट सही ढंग से काम नहीं कर रही है। बार-बार सर्वर से लिंक हट जाने के कारण मुश्किलें आ रही हैं। सुबह से पोर्टल पर कोई काम नहीं हो पाया है। एक भी रिटर्न फाइल नहीं कर पाए हैं। टैक्स सलाहकार चंद्रभान ने कहा कि शनिवार को भी पोर्टल ठीक से काम नहीं कर रहा था। सरकार को कम से कम 10 दिन का समय देना चाहिए ताकि सभी के टैक्स भरे जा सके। कर सलाहकारों को पोर्टल धीमा होने से काफी दिक्कत आ रही है।