गुरुग्राम। जमीन के विवाद में गांव सांचोली में हुई मारपीट व गोली मारने के मामले में सदर सोहना थाना पुलिस ने रविवार देर शाम दोनों पक्षों की शिकायत पर मारपीट करने समेत हत्या के प्रयास व आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है। दोनों पक्षों ने अपनी शिकायत में जमीन पर अपना-अपना मालिकाना हक जताते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं, घटना में घायल हुए लोगों की हालत में सुधार है। पुलिस का कहना है कि पूर्व सरपंच को गोली नहीं लगी थी। इस मामले में जमीन मालिक साक्षी बहल पक्ष जब 100 लोगों के बीच फंस गया था तो उन्होंने अपने रिवाल्वर से हवाई फायर किया था। पुलिस को दी शिकायत में प्रियंका बहल ने बताया कि यह जमीन उनकी मां ने करीब 10 साल पहले खरीदी थी। इस जमीन को इम्तियाज को पट्टे पर दी थी। रविवार को उन्होंने जमीन पर अपना कब्जा लेना था। इस बारे में उनकी कई दिनों से इम्तियाज से बात भी चल रही थी। जब वह गांव सांचोली पहुंची और इम्तियाज को जमीन पर कब्जा देने को कहा तो उसने अपने भाई को फोन कर करीब 100 लोगों को मौके पर एकत्र कर लिया। इन लोगों ने उनका रास्ता रोककर उन पर पत्थर, धारदार हथियार से हमला करने के साथ ही उन पर फायरिंग भी की। इस दौरान उन्होंने पुलिस कंट्रोल रूम को फोन कर इसकी जानकारी दी। इस जानकारी पर चार सिपाही मौके पर आये थे जिन्होंने उन्हें बचाने की असफल कोशिश की थी।
वहीं, अपनी शिकायत में पूर्व सरपंच इम्तियाज ने इन आरोपों को झुठलाते हुए साक्षी बहल पक्ष द्वारा अपने उन पर हमला करने की बात कही है। पुलिस ने दोनों ही पक्षों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।