गड्ढे में दबा दिया था बच्ची का शव, सख्ती से पूछने पर आरोपी ने किया खुलासा
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। सेक्टर-37 थाना क्षेत्र में बृहस्पतिवार को एक युवक ने तीन साल की मासूम बच्ची की दुष्कर्म करने के बाद हत्या कर दी। आरोपी ने पास में ही जमीन में गड्ढा खोदकर शव को दफना दिया था। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की तो वारदात का खुलासा हुआ। आरोपी की निशानदेही पर बच्ची के शव को बरामद किया गया। आरोपी की पहचान बिहार के जिला सुपौल निवासी शिवनाथ के रूप में हुई है। आरोपी एक कंपनी में कबाड़ उठाने का काम करता है। बच्ची के पिता की शिकायत पर सेक्टर-37 थाना पुलिस ने मामला दर्ज किया है।
बृहस्पतिवार शाम करीब चार बजे बच्ची घर के बाहर खेल रही थी। आरोपी उसे अपने साथ बहलाकर सेक्टर-37 में औद्योगिक क्षेत्र के पास खाली पड़ी जमीन की झाड़ियों में ले गया। वहां पर उसने बच्ची के साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद उसने गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद घटनास्थल पर पास में ही गड्ढा कर बच्ची के शव को दबा दिया। वह कंपनी में काम करने के लिए चला गया। बच्ची शाम करीब सात बजे बच्ची घर नहीं पहुंची तो मां ने तलाश शुरू कर दी। पिता करीब आठ बजे घर पहुंचे तो उन्होंने आसपास के क्षेत्र में बच्ची को ढूंढ़ा। जब बच्ची नहीं मिली तो उन्होंने पुलिस को शिकायत दी। पिता ने दी शिकायत में शिवनाथ पर बच्ची को बहला कर ले जाने का आरोप लगाया। इसके बाद पुलिस ने शिवनाथ को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पहले उसने कुछ नहीं बताया। सख्ती से पूछताछ करने पर वारदात का खुलासा हुआ।
मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।-वीरेंद्र सैनी,एसीपी मानेसर