गुरुग्राम। सेक्टर-37डी मोड़ के पास कार ने रिक्शे को टक्कर मार दी। घटना में रिक्शे पर सवार दो बच्चे सड़क पर गिरकर घायल हो गए। अस्पताल पहुंचने से पहले एक बच्चे ने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही सेक्टर-10 थाना पुलिस मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने आरोपी कार चालक को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान भोपाल निवासी अभिषेक के रूप में हुई।
मूलरूप से पाली (राजस्थान) निवासी हरीश ने शिकायत में बताया कि वह बसई रोड की झुग्गियों में रहता है और रिक्शा चलाता है। मंगलवार सुबह वह अपने तीन व चार साल के बेटों को रिक्शे पर बैठाकर पानी लेने गया था। वापस लौटते वक्त सेक्टर-37डी मोड़ के पास एक कार ने रिक्शे को पीछे से टक्कर मार दी। इस घटना में दोनों बेटे सड़क पर गिर गए। तीन साल के बेटे विक्रम के सिर पर काफी अधिक चोट लगी।
घटना के कारण लोग मौके पर एकत्र हो गए और कार चालक को पकड़ लिया। चालक अपनी कार में बच्चे को लेकर कादीपुर मोड़ स्थित निजी अस्पताल पहुंचा, लेकिन बच्चे ने अस्पताल पहुंचने से पहले दम तोड़ दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव कब्जे में ले लिया। शिकायत के आधार पर कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।