- आरोपियों से 19 मोबाइल, एक लैपटॉप व 18 भारतीय व अंतरराष्ट्रीय सिम कार्ड बरामद
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। सोशल मीडिया पर लड़की बनकर बात कर लोगों से धोखाधड़ी करने वाले नाइजीरियाई मूल के तीन आरोपियों को बीते बृहस्पतिवार को गिरफ्तार किया है। साइबर अपराध थाना पश्चिम की पुलिस ने बताया कि आरोपियों से 19 मोबाइल, एक लैपटॉप और 18 भारतीय व अंतरराष्ट्रीय सिम कार्ड बरामद किया है। तीनों आरोपियों को एक दिन के रिमांड पर लेकर पूछताछ की है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नाइजीरिया निवासी चिनेडु, जेम्स संडे और जूल्स ककाओ के रूप में हुई है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी जेंट्स संडे साल 2022 में बांग्लादेश के रास्ते भारत में घुसा था। आरोपी चिनेडु और जूल्स ककाओ साल 2017 में स्टडी वीजा पर भारत आया था। तीनों आरोपियों के पास कोई भी वीजा और पासपोर्ट नहीं मिला। आरोपियों पर पासपोर्ट एक्ट और फॉरेनर्स एक्ट की संबंधित धाराएं भी जोड़ी गईं हैं।
पुलिस ने बताया कि आरोपी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लड़कियों की आईडी से भारत में रह रहे लोगों से बात करते थे। इसके बाद उन्हें विश्वास में लेकर उनसे मिलने के लिए भारत आने की बात कहकर इंडियन करेंसी में रुपये एक्सचेंज करने के लिए पंजीकरण फीस और एंटी मनी लॉन्ड्रिंग के नाम पर रुपये ट्रांसफर करवा लेते थे।
मिलने के बहाने बोली- 69900 रुपये ट्रांसफर करवा लिए, बाद में ठगी का पता चला
पुलिस ने बताया कि इस संबंध में बीती 25 अप्रैल को एक व्यक्ति ने साइबर अपराध थाना पश्चिम में शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित ने शिकायत में बताया था कि इंस्टाग्राम पर उसका संपर्क एक लड़की हुआ। दोनों के बीच बातचीत होने लगी। उक्त लड़की ने पीड़ित को कहा कि वह भारत आ गई है और मुंबई एयरपोर्ट पर इसके चेक को एक्सचेंज पर भारतीय करेंसी में करने के लिए 69,900 रुपये की जरूरत है। इसके बाद पीड़ित ने उसके बताए हुए बैंक खाते में पैसे ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद जब उक्त लड़की ने और पैसे मांगे तो पीड़ित को ठगी का अहसास हुआ। पुलिस ने शिकायत के आधार पर साइबर अपराध थाना पश्चिम में अज्ञात के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।
तीनों आरोपियों का एक दिन का रिमांड पूरा होने के बाद शनिवार को अदालत में पेश किया गया। यहां से तीनों को न्यायिक हिरासत में भोंडसी जेल भेज दिया है। आरोपियों से बरामद हुए मोबाइल, लैपटॉप और सिम कार्ड की जांच के बाद जो तथ्य आएंगे, उनके अनुसार आगामी कार्रवाई की जाएगी।
- संदीप कुमार, पुलिस प्रवक्ता