नए उद्यमियों के लिए खुलेंगे राह, क्षेत्रों में सड़क, बिजली, पानी समेत जरूरी औद्योगिक सुविधाएं विकसित करने की योजना
नंबर गेम - 1800 एकड़ में विकसित होंगे
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। हरियाणा में औद्योगिक विकास को एक नई रफ्तार देने के लिए राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। हरियाणा राज्य औद्योगिक एवं अवसंरचना विकास निगम (एचएसआईआईडीसी) पटौदी और फर्रुखनगर क्षेत्र के 12 गांवों की करीब 1800 एकड़ जमीन पर तीन नए औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने जा रहा है। सरकार की एसआईआईडीएस और पीसीआईडीएस योजनाओं के तहत बनने वाले इन हब्स में सड़क, बिजली और पानी जैसी बुनियादी सुविधाएं पहले से तैयार मिलेंगी, जिससे नए उद्यमियों के लिए कारोबार शुरू करने की शुरुआती लागत काफी कम हो जाएगी।
प्रस्तावित औद्योगिक क्षेत्रों में अलग-अलग ब्लॉक बनाए जाएंगे। प्रत्येक ब्लॉक में करीब 25 से 100 एकड़ के भूखंडों की पहचान कर उन्हें औद्योगिक उपयोग के लिए विकसित किया जाएगा। इन भूखंडों पर जरूरी कोर इंफ्रास्ट्रक्चर के साथ साझा सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। इससे उद्यमियों को अलग से बुनियादी सुविधाएं विकसित करने पर होने वाले खर्च और समय दोनों में बचत होगी।
सरकार देगी आर्थिक सहायता
योजना के तहत औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने वाली एजेंसी को सरकार की ओर से आर्थिक सहायता भी दी जाएगी। सरकारी एजेंसी के माध्यम से परियोजना लागू होने पर एसआईआईडीएस और निजी एजेंसी के शामिल होने पर पीसीआईडीएस के तहत सहायता उपलब्ध कराने का प्रावधान है। एचएसआईआईडीसी के अधिकारी ने बताया कि औद्योगिक क्षेत्र के विकास में शामिल एजेंसी को परियोजना के लिए 50 से 85 प्रतिशत तक की आर्थिक सहायता मिल सकती है। इसका उद्देश्य औद्योगिक बुनियादी ढांचे को मजबूत करना और उद्यमियों को किफायती दर पर तैयार सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इससे नए उद्योगों की स्थापना को बढ़ावा मिलने के साथ क्षेत्र में रोजगार के अवसर भी बढ़ने की उम्मीद है।
पद्यमा योजना के तहत प्रदेश में 143 क्लस्टर विकसित किए जाने हैं। इनके लिए 4000 एकड़ से अधिक जमीन को औद्योगिक गतिविधियों के लिए तैयार किया जाएगा। इस परियोजना के लिए पटौदी और फर्रुखनगर को चुना गया है। जमीन खरीदने के अलावा इसे न्यूनतम 30 वर्ष की लीज पर लेने का विकल्प भी रखा गया है। -सुशील सारवान, एमडी, एचएसआईआईडीसी