जीएमडीए करेगा सलाहकार एजेंसी की नियुक्ति, परियोजना की फिजिबिलिटी रिपोर्ट और डीपीआर तैयार करेगी
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) ने साइबर सिटी की तीन सड़कों को एलिवेटेड बनाने की योजना को एक कदम और आगे बढ़ा दिया है। इसके लिए सलाहकार एजेंसी रखी जा रही है जो परियोजना की फिजिबिलिटी रिपोर्ट और डीपीआर तैयार करेगी। इसे जीएमडीए की बोर्ड बैठक में सीएम के सामने मंजूरी के लिए रखा जाएगा।
जीएमडीए पूरे शहर में जाम की समस्या को दूर करने की योजना पर काम कर रहा है। इसके लिए विधायक मुकेश शर्मा और जीएमडीए के सीईओ पीसी मीणा शहर की प्रमुख तीन सड़कों को एलिवेटेड निर्माण कराना चाहते हैं। यदि तीनों सड़कें एलिवेटेड बनती हैं तो शहर में जाम की समस्या से लोगों को राहत मिलेगी।
योजना के अनुसार, पहली एलिवेटेड ओल्ड रेलवे से सेक्टर 5-6 जंक्शन-शीतला माता रोड से अतुल कटारिया चौक तक जाएगा। अतुल कटारिया चौक पर पहले से अंडरपास बना हुआ है जोकि आगे दिल्ली-जयपुर हाईवे को जोड़ता है। दूसरी ओल्ड दिल्ली रोड है। इसे अतुल कटारिया चौक से डूंडाहेड़ा तक दिल्ली बॉर्डर एलिवेटेड किया जाना है। इस सड़क के बनने से उद्योग विहार और दिल्ली एयरपोर्ट जाना आसान होगा। तीसरे सड़क महावीर चौक से इफ्को चौक तक एलिवेटेड किया जाना है। यह सड़क महावीर चौक से सुखराली होते हुए इफ्को चौक तक जाएगी। अधिकारियों को इस मार्ग पर भी एलिवेटेड कॉरिडोर विकसित करने की संभाव्यता अध्ययन करने के निर्देश दिए गए। इससे ओल्ड गुरुग्राम और राष्ट्रीय मार्ग-48 के बीच आवागमन सुगम होगा।
तीनों सड़कों को एलिवेटेड बनाने की योजना है। उन्होंने बताया कि इसके लिए जल्द ही एक कंसल्टेंट रखा जाएगा जोकि पूरी परियोजना पर अपनी रिपोर्ट देगा। इसके अनुसार इसे आगे बढ़ाया जाएगा। - अमित गोदारा,कार्यकारी अभियंता,जीएमडीए
-
ओल्ड सिटी में जाम की गंभीर समस्या
ओल्ड सिटी में जाम की गंभीर समस्या रहती है। इससे लोगों को रोज जाम की समस्या से जूझना पड़ रहा है। शहर में जाम दूर करने के लिए कई सालों से लोगों को फ्लाईओवर बनाने की मांग चली आ रही है। स्थानीय विधायक मुकेश शर्मा पुराने शहर में जाम दूर करने के लिए कदम उठा रहे हैं। उनकी मांग और सीईओ की पहल पर इसे आगे बढ़ाया जा रहा है। हालांकि, जीएमडीए तीनों सड़कों को प्राथमिकता के आधार पर निर्माण कराने की योजना रखता है।
मनोज