सीवर, पानी और ड्रेनेज सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए जीएमडीए करवाएगा निर्माण
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। सीवर-पानी और ड्रेनेज सेवाओं में सुधार के लिए गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण रेलवे लाइन (दिल्ली-रेवाड़ी सेक्शन) पर तीन आरसीसी बॉक्स टाइप पुलियों का निर्माण कराएगा। इस परियोजना पर करीब 52 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई जीएमडीए की बोर्ड बैठक में इसे मंजूरी मिल चुकी है। दिल्ली-रेवाड़ी रेलवे लाइन से गुरुग्राम शहर को दो भागों में बंटा हुआ है। ऐसे में सीवर, पानी और नजफगढ़ ड्रेन जैसी प्रमुख सार्वजनिक सेवाएं रेलवे लाइन को क्रॉस कर निकलती हैं। जीएमडीए के अनुसार सेक्टर-16 में बूस्टिंग स्टेशन के लिए बसई संयंत्र से 1800 एमएम की नई पाइप लाइन बिछाने की योजना है, जिसके लिए गढ़ी रोड पर रेलवे लाइन क्रॉसिंग की आवश्यकता होगी। ऐसे में रेलवे लाइन पर एक पुलिया का निर्माण किया जाना है।
दूसरा सीवरेज प्रणाली में 119 करोड़ रुपये की लागत से 665 एमएलडी क्षमता के नए पंपिंग स्टेशन के निर्माण की योजना है और निविदा प्रक्रिया चल रही है। इसके अलावा नए एमपीएस से मौजूदा एसटीपी चैनल तक एक बाईपास चैनल का निर्माण भी प्रस्तावित है। एमपीएस से मेन लाइन और बाईपास चैनल को क्रॉस करने के लिए सेक्टर-9ए के पास रेलवे लाइन पर पुलिया का निर्माण किया जाना है। तीसरा बारिश के पानी निकासी के लिए सेक्टर-9बी में मास्टर वर्षा जल निकासी सेक्टर-101 में मौजूद रेलवे कल्वर्ट नंबर 58 के माध्यम से रेलवे लाइन को पार करती है, लेकिन आगे सेक्टर डिवाइडिंग रोड 101/104, गुरुग्राम पर मौजूदा मास्टर ड्रेन से जुड़ी नहीं है। रेलवे लाइन के दोनों ओर मास्टर ड्रेन को जोड़ने के लिए एक कल्वर्ट बनना होगा। योजना के अनुसार जीएमडीए धनराशि रेलवे विभाग को देगा और निर्माण कार्य रेलवे की ओर से पूरा कराया जाएगा। जीएमडीए के मुख्य अभियंता राजेश बंसल ने बताया कि शहर में सीवर-पानी और ड्रेनेज सेवाओं का विस्तार किया जाना है। इसके लिए जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।
इन स्थानों पर होगा निर्माण
- गढ़ी रोड के रेलवे क्रॉसिंग पर पुलिया, जिसका अनुमानित आकार 5x4 मीटर है।
- सेक्टर डिवाइडिंग रोड 9ए/9बी पर मास्टर स्टॉर्म वाटर ड्रेन को सेक्टर डिवाइडिंग रोड 101/104 पर मास्टर स्टॉर्म वाटर ड्रेन से जोड़ने के लिए सेक्टर-9ए की ओर 12x4 मीटर आकार की पुलिया।
- 15x4 मीटर आकार की पुलिया सेक्टर-9ए में बनेगी। प्रस्तावित 650 एमएलडी मुख्य पम्पिंग स्टेशन से 1600 एमएम और 1500 एमएम की लाइनों और एमपीएस से मौजूदा एसटीपी के लिए।