मुठभेड़ में सूबे गुर्जर गैंग के तीन बदमाश घायल
गुरुग्राम। सेक्टर-39 थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम को पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। इस दौरान तीन कुख्यात बदमाश घायल हो गए, जबकि दो पुलिसकर्मियों को भी चोटें आई हैं। तीनों बदमाशों के पैरों में गोली लगने के बाद उन्हें घायलावस्था में सोहना के सेक्टर-39 स्थित नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल तीनों बदमाश सूबे गुर्जर गैंग के शार्प शूटर हैं और पूर्व में कई वारदात को अंजाम दे चुके हैं। आरोपियों की पहचान राजेश फौजी निवासी राजीव कॉलोनी नाहरपुर रूपा गुरुग्राम, कमल उर्फ कमली निवासी गांव बढ़ा, गुरुग्राम और अमन निवासी मुंडिया कलां जिला लुधियाना पंजाब के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक मंगलवार को सूचना मिली थी कि सूबे गुर्जर गैंग के तीन कुख्यात बदमाश एक प्रॉपर्टी डीलर की हत्या करने के इरादे से धुनेला गांव में टहल रहे हैं। सूचना के आधार पर तत्काल एक स्पेशल टीम गठित कर बदमाशों के पीछे लगा दी गई। पुलिस ने बदमाशों की तलाश के लिए नंगली रोड पर वाहनों की चेकिंग शुरू कर दी। इसी दौरान एक बिना नंबर वाली बाइक सवार तीन युवक आते दिखे। पुलिस ने उनको रुकने का इशारा किया तो युवक फायरिंग करने लगे, इसके बाद पुलिस ने भी पूरी मुस्तैदी से जवाबी फायरिंग की, जिसमें तीनों बदमाशों के पैरों में गोली लग गई और बदमाशों को मौके पर ही दबोच लिया गया।
पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से 2 पिस्टल, 110 कारतूस, 1 पिट्ठू बैग और एक बाइक बरामद किए हैं। बुलेट प्रूफ जैकेट में होने के चलते पुलिसकर्मियों की जान बच गई, लेकिन हेड कांस्टेबल सुनील व हेड कांस्टेबल अभिलाष घायल हो गए, जिनको इलाज के लिए सोहना नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।