तीन डिलीवरी बॉय ने उड़ाए सवा लाख के मोबाइल
गुरुग्राम। ई कॉमर्स कंपनी अमेजन के तीन डिलीवरी बॉय द्वारा सवा लाख रुपये के मोबाइल गायब करने का मामला सामने आया है। कंपनी के अधिकारी की शिकायत पर मानेसर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। कंपनी अधिकारियों ने वारदात की सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस को सौंपी है।
कंपनी के अधिकारी तुषार ने बताया कि पचगांव स्टेट अमेजन कंपनी के वेयरहाउस में पचगांव निवासी नरेंद्र, बबलू और गौरव कार्यरत हैं। कंपनी की तरफ से कैश ऑन डिलीवरी पर बेचे जाने वाले मोबाइलों को यह गायब कर रहे थे। इसका खुलासा उस वक्त हुआ जब तीनों कर्मचारी कंपनी से गायब मिले। अधिकारियों ने सीसीटीवी फुटेज जांची तो पाया कि कैश ऑन डिलीवरी के लोगों द्वारा वापस किए जाने वाले मोबाइल को वह लेकर कंपनी में तो आते थे, लेकिन जांच के बाद कंपनी में खाली डब्बा देकर मोबाइल को गायब कर देते थे। ब्यूरो