सेक्टर-37 में मिला युवक का शव, हत्या की आशंका
गुरुग्राम। सेक्टर-37 में खून से लथपथ एक युवक का शव मिला है। पुलिस घटना को आत्महत्या मान रही है। मृतक के परिजनों ने पुलिस को बताया कि उनका बेटा आत्महत्या नहीं कर सकता, उसकी हत्या की गई है। पुलिस ने मृतक के पिता की शिकायत पर सेक्टर-37 थाने में हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार है, जिसके आधार पर ही पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी।
पुलिस सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस खंगाल रही है, लेकिन अब तक कोई पुख्ता जानकारी हाथ नहीं लग पाई है। मंगलवार सुबह पुलिस को सूचना मिली थी कि एक युवक का शव सेक्टर-37 में स्थित एमटेक कंपनी के समीप खून से लथपथ अवस्था में पड़ा हुआ है और हाथ में कट्टा भी है। मौके पर पहुंची पुलिस को लूटपाट संबंधित कोई भी सुराग नहीं मिला। युवक की पहचान गांव मोहम्मदपुर झाड़सा निवासी 22 वर्षीय संजय उर्फ गोलू के रूप में हुई है।
सेक्टर-37 थाना प्रभारी देवेंद्र ने बताया कि शुरुआती जांच में आत्महत्या का मामला प्रतीत हो रहा है। मौके पर जांच के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है, लेकिन परिजन आत्महत्या नहीं मान रहे है। परिजनों की शिकायत के आधार पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। वहीं, शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है।