सम्मेलन के तीसरे दिन कुल 175 शोध पत्र प्रस्तुत किए गए
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। द्रोणाचार्य राजकीय महाविद्यालय, गुरुग्राम में आयोजित तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय खेल अभियांत्रिकी सम्मेलन का 12 अक्तूबर को सफलतापूर्वक समापन हुआ। समापन समारोह की मुख्य अतिथि डॉ. पुष्पा अंतिल, प्राचार्य, द्रोणाचार्य राजकीय महाविद्यालय गुरुग्राम रहीं। उन्होंने अपने प्रेरक संबोधन में कहा कि ऐसे सम्मेलन युवाओं में नवाचार, अनुसंधान और खेल विज्ञान के प्रति रुचि को बढ़ावा देते हैं।
सम्मेलन के तीसरे दिन कुल 175 शोध पत्र प्रस्तुत किए गए, जिनमें द्रोणाचार्य कॉलेज से डॉ. सुनील डबास, डॉ. राकेश कुमार और कविता सहरावत ने विभिन्न श्रेणियों में अपने शोध पत्र प्रस्तुत किए। इस अवसर पर सर्वश्रेष्ठ शोध पत्र पुरस्कार भी प्रदान किए गए। छात्र श्रेणी में प्रथम पुरस्कार मेरठ इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी की श्रृष्टि रुहल को, द्वितीय पुरस्कार आईसीएमआर हैदराबाद की गार्गी चटर्जी को और तृतीय पुरस्कार आरवीएसई बेंगलुरु के मोहम्मद मुजम्मिल को मिला। वहीं, संकाय श्रेणी में ट्रैक ए में आईआईटी गांधीनगर के रवि हेगड़े, ट्रैक बी में सिम्बायोसिस पुणे के ऋषि कुमार पांडे और ट्रैक सी में आर.वी.सी.ई. बेंगलुरु के विश्वनाथन सी. को पुरस्कृत किया गया।
भारत सरकार के खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने ऑनलाइन संबोधन में कहा कि भारतीय खेल उद्योग और तकनीकी नवाचार को बढ़ावा देने पर बल दिया, जबकि गेस्ट ऑफ ऑनर श्री एस. नारायणन ने सम्मेलन की सफलता पर बधाई देते हुए ऐसे आयोजनों की निरंतरता पर जोर दिया। आज के सत्र का विशेष आकर्षण रहे प्रोफेसर श्रीबून (थाईलैंड), प्रोफेसर यूनाई साइज और प्रोफेसर सुसना (स्पेन), तथा प्रोफेसर पॉल फ्लेमिंग (यूके), जिन्होंने पारंपरिक खेलों की प्रस्तुति दी और विश्व सद्भावना में उनकी भूमिका पर अपने विचार साझा किए।
कोरिया के प्रोफेसर यांग जंग ली ने बताया कि संयुक्त राष्ट्र संघ की शांति और सद्भावना को खेलों के माध्यम से कैसे मजबूत किया जा सकता है। वहीं, पद्मश्री डॉ. सुनील डबास ने कहा कि विश्व में शांति युद्धों से नहीं, बल्कि खेलों की प्रतिस्पर्धा से स्थापित की जा सकती है।
यह सम्मेलन द्रोणाचार्य कॉलेज के मास्टर्स इन फिजिकल एजुकेशन के विद्यार्थियों के लिए एक अनूठा अनुभव साबित हुआ, जिससे उन्हें विश्व स्तरीय शोध और शिक्षा से जुड़ने का अवसर प्राप्त हुआ। समापन सत्र में डॉ. पुष्पा अंतिल ने सभी विदेशी मेहमानों को सम्मानित किया और धन्यवाद ज्ञापित किया।