-लाखों लोगों के पहुंचने की उम्मीद, छह अप्रैल तक रहेगा जारी
संवाद न्यूज एजेंसी
नूंह। जिले के अड़बर गांव में तीन दिवसीय धार्मिक जलसा शनिवार से शुरू हो गया है, जो 6 अप्रैल तक आयोजित किया जाएगा। जलसे में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की उम्मीद है और आयोजकों के अनुसार करीब 10 लाख लोगों के आने की संभावना जताई जा रही है।
आज दोपहर बाद जलसागाह में हजरत मौलाना साद के पहुंचने का कार्यक्रम है, जहां वे पंडाल में मौजूद लोगों को दीनी तकरीर करेंगे। उनके संबोधन को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। जलसे के लिए इंतजामिया कमेटी द्वारा व्यापक तैयारियां की गई हैं। करीब 20 एकड़ क्षेत्र में विशाल पंडाल तैयार किया गया है, ताकि सभी लोगों के बैठने की उचित व्यवस्था हो सके। इसके अलावा, चार अलग-अलग स्थानों पर वाहन पार्किंग की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। पंडाल तक पहुंचने के लिए दो दर्जन से अधिक मार्ग बनाए गए हैं, जिससे भीड़ को सुचारू रूप से नियंत्रित किया जा सके।
शहर में जाम की स्थिति से बचने के लिए जलसागाह तक पहुंचने के रास्ते नूंह शहर से पहले ही डायवर्ट किए गए हैं। इससे शहर के अंदर ट्रैफिक दबाव कम रहने की उम्मीद है। इंतजामिया कमेटी के सदस्य हिदायत खान ने बताया कि जलसे में आने वाले लोगों के लिए खाने-पीने की उचित व्यवस्था की गई है। साथ ही विभिन्न समुदायों के लोगों के लिए अलग-अलग पंडाल भी बनाए गए हैं। दो दिन पहले हुई बारिश से जलसागाह में कीचड़ की समस्या उत्पन्न हो गई थी, लेकिन आसपास के गांवों के लोगों ने मिलकर पानी निकासी और मिट्टी डालकर स्थल को समतल बना दिया, जिससे अब आयोजन सुचारू रूप से शुरू हो सका।