तावडू के गुरनावट गांव में रेलवे ट्रैक के साथ कच्चे रास्ते पर हुआ आमना-सामना
सभी तस्कर आडवाणी गैंग से जुड़े बताए गए हैं
संवाद न्यूज एजेंसी
तावडू। गुरनावट गांव में रेलवे ट्रैक के पास सीआईए तावडू की टीम और गो तस्करों के बीच मंगलवार सुबह मुठभेड़ हो गई। इस दौरान गोली लगने से तीन गो तस्कर घायल हो गए। वहीं, तीन मौके से भाग निकले। घायल गो तस्करों को नूंह के शहीद हसन खां मेवाती मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। तावडू सदर थाना पुलिस ने इस संदर्भ में छह आरोपियों के विरुद्ध केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सभी तस्कर आडवाणी गैंग से जुड़े बताए गए हैं।
तावडू सीआईए प्रभारी उप निरीक्षक महेंद्र सिंह ने बताया कि मंगलवार सुबह सूचना मिली कि आडवाणी गैंग के बदमाश जिले की सीमा में हैं। इनमें शाहिद उर्फ आडवाणी, वारिस, अरमान, सब्बीर निवासी खरखड़ी, रफीक निवासी खोड़ बसई और रमजान निवासी भूतलाका शामिल हैं। ये लोग खोरी कला की ओर से रेलवे लाइन के साथ कच्चे रास्ते से चुहड़पुर (राजस्थान) जाएंगे। इस सूचना पर दो टीमों ने गुरनावट रेलवे लाइन के साथ कच्चे रास्ते पर घेराबंदी की। उसी दौरान सूचना मिली कि दूसरी टीम गो तस्करों की गाड़ी का पीछा कर रही है। पुलिस को देख तस्करों ने गाड़ी से गोवंश को फेंकना शुरू कर दिया। साथ ही, पुलिस पर पथराव किया। दूसरी टीम ने सामने से रास्ता रोका तो तस्करों ने सीआईए टीम पर फायरिंग कर दी। भागने के प्रयास में गो तस्करों की गाड़ी कीचड़ में फंस गई। पुलिस ने चेतावनी के तौर पर हवाई फायरिंग की लेकिन गो तस्करों ने पुलिस पर गोली चला दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से तीन बदमाश घायल हो गए।
गिरोह का सरगना मौके से भागा
सीआइए प्रभारी ने बताया कि गोली लगने से घायल तस्करों की पहचान वारिस निवासी तावडू, रफीक निवासी नूंह और रमजान निवासी तावडू के रूप में हुई है। गैंग का सरगना शाहिद उर्फ आडवाणी, अरमान और शब्बीर निवासी खरखड़ी मौके से भाग निकले। इनके कब्जे से दो अवैध बंदूक, 11 कारतूस, एक चाकू और एक टाटा 407 वाहन सहित पांच गोवंश को बरामद किया गया है। सीआईए प्रभारी ने बताया कि शाहिद उर्फ आडवाणी एक वांछित अपराधी है, जिस पर गो तस्करी, लूटपाट, चोरी सरकारी कार्य में बाधा डालने, पुलिस टीम पर फायरिंग, हत्या के प्रयास जैसे करीब दो दर्जन से अधिक मामले दर्ज है।