गुरुग्राम के पंचगांव मैनेजमेंट कॉलेज के दो स्टूडेंट्स के साथ हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक छात्र की मौत हो गई, जबकि दूसरा छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों कार से घर लौट रहे थे तभी पलवल के पास उनकी कार सड़क पर खड़े टैंकर से टकरा गई।
पलवल जिले में मंगलवार को कैम्पटी एक्सप्रेस-वे पर एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें गुरुग्राम के पंचगांव मैनेजमेंट कॉलेज के बीएससी नर्सिंग के छात्र की मौत हो गई। मृतक छात्र की पहचान केशव के रूप में हुई है, जो अपने दोस्त गौरव के साथ कार में सवार होकर अपने घर लौट रहा था। मिडकोला गांव के पास उनकी कार सड़क किनारे खड़े एक टैंकर से जा टकराई। हादसा इतना भयंकर था कि दोनों छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी और दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने केशव को मृत घोषित कर दिया। दूसरे छात्र गौरव की हालत नाजुक बनी हुई है, जिसका इलाज पलवल के एक निजी अस्पताल में चल रहा है। सदर थाना पुलिस ने मृतक केशव के परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और टैंकर चालक की पहचान के प्रयास जारी हैं। संवाद