गुरुग्राम। रेलवे ने दिल्ली सराय रोहिल्ला से राजस्थान के सीकर तक चलने वाली सीकर एक्सप्रेस ट्रेन-14713/14 में 7 अक्तूबर से 30 अक्तूबर तक अस्थायी रूप से तीन अतिरिक्त डिब्बे बढ़ाने का निर्णय लिया है। भारतीय रेलवे ने त्योहारों के सीजन में यात्रियों की बढ़ती भीड़ और सुविधा को ध्यान में रखते हुए तीन अस्थायी डिब्बों की बढ़ोतरी की है। सीकर एक्सप्रेस ट्रेन में डिब्बे बढ़ने से गुरुग्राम के यात्रियों को राजस्थान के विभिन्न स्थानों पर कंफर्म सीट मिलने पर आवागमन की सुविधा मिलेगी।
रेलवे इन बारे में अधिसूचना भी जारी की है। सीकर एक्सप्रेस ट्रेन-14713/14 में 7 अक्तूबर से 30 अक्तूबर तक एक थर्ड एसी, एक द्वितीय शयनयान व एक साधारण श्रेणी का डिब्बा बढ़ाने घोषणा की है। दिल्ली सराय रोहिल्ला से सीकर जाते समय सुबह 7.11 बजे गुड़गांव रेलवे स्टेशन पर सीकर एक्सप्रेस ट्रेन-14714 का ठहराव होता है। वहीं, सीकर से दिल्ली सराय रोहिल्ला आते समय शाम 7.30 बजे गुड़गांव रेलवे स्टेशन पर ठहराव होता है। इस ट्रेन में अतिरिक्त डिब्बे बढ़ने से यात्रियों को गुड़गांव रेलवे स्टेशन से महेंद्रगढ़, लोहारू, झूंझनू, नवलगढ़ व सीकर आवागमन में सुविधा मिलेगी। ब्यूरो