पूछताछ में पता चला कि तीनों आरोपी भाई-बहन हैं
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। थाना मानेसर की पुलिस टीम ने अवैध रूप से रह रहे तीन बांग्लादेशियों को बीते रविवार को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार तीनों आरोपी बहन-भाई हैं और लगभग डेढ़ माह पहले ही महाराष्ट्र से गुरुग्राम के मानेसर में रहने आए थे।
गुरुग्राम पुलिस जिले में अवैध रूप से रहने वालों की पहचान करके उनके खिलाफ कार्रवाई कर रही है। इसी अभियान के दौरान यह तीनों बांग्लादेशी अवैध रूप से मानेसर में क्षेत्र में मिले। गुरुग्राम पुलिस ने विदेशियों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से रह रहे दो युवतियों व एक युवक को मानेसर के आईएमटी चौक से गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान फातिमा उर्फ लोमिया (21), खादीजा उर्फ तनीषा (25) और मोहम्मद हबीब (19) निवासी बांग्लादेश के रूप में हुई है। थाना मानेसर के प्रभारी निरीक्षक सतेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस पूछताछ में पता चला कि तीनों आरोपी भाई-बहन हैं। आरोपी फातिमा उर्फ लोमिया को लगभग तीन साल पहले एक अन्य बांग्लादेशी लड़की भारत में लेकर आई थी। इसके बाद फातिमा ने लगभग चार माह पहले अपनी बहन खादीजा व भाई को मोहम्मद हबीब को भारत बुला लिया। ये तीनों महाराष्ट्र के मुंबई क्षेत्र में रहते थे। लगभग डेढ़ माह पहले ही गुरुग्राम के मानेसर में रहने आए थे। इनमें से एक युवती किसी कंपनी में नौकरी करती है।