अस्पताल संचालक की शिकायत पर पुलिस ने दर्ज किया मामला
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। न्यू काॅलोनी थाना क्षेत्र में एक निजी अस्पताल में अकाउंटेंट पर 16.5 लाख रुपये अज्ञात खाते में ट्रांसफर करने के आरोप लगे हैं। अकाउंटेंट अब अस्पताल से नौकरी छोड़कर जा चुका है। अस्पताल के संचालक की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज करके छानबीन शुरू की है।
कृष्णा कॉलोनी निवासी डॉ. अजय लाल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह लाल सुपरस्पेशियलिटी अस्पताल चलाता है और उसके अस्पताल में 50-60 कर्मचारी काम करते हैं। उन्होंने बताया कि अस्पताल में पिछले आठ माह से नीरज सिन्हा अकाउंटेंट के तौर पर रुपयों के लेन-देन का काम करता था। लगभग चार-पांच माह पहले नव्या डायग्नोस्टिक के नाम से आईडीएफसी बैंक में नीरज अकाउंटेंट को कहकर खाता खुलवाया था।
खाते से जुड़े सभी मैसेज अस्पताल की लैब के नंबर पर आते थे। नीरज सिन्हा अकाउंटेंट ने उनको बिना बताए खाते से 16.5 लाख रुपये बीते चार माह के दौरान किसी अज्ञात खाते में ट्रांसफर कर दिए। बैंक जाने पर पता चला कि अस्पताल की लैब के खाते में रुपये नहीं हैं। इस बारे में जब नीरज सिन्हा को कॉल की तो वह अपना मोबाइल स्विचऑफ करके व अपना सामान लेकर भाग गया। पुलिस ने अस्पताल संचालक की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है।