अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। साइबर अपराध थाना मानेसर की पुलिस ने साइबर ठगों को बैंक खाता बेचने वाले तीन आरोपियों को सोमवार को गुरुग्राम से पकड़ा है। एक आरोपी ने अपना बैंक खाता 10 हजार रुपये में अन्य व्यक्ति को बेचा था। इसके बाद अन्य आरोपियों ने यह बैंक खाता रुपये कमाने के लालच में आगे बेचा था। आरोपियों की पहचान कोटा (राजस्थान) के लक्ष्मीपुरा निवासी सिद्धार्थ मेघवाल, कोटा (राजस्थान) के हरिपुरा निवासी दीपेंद्र नागर और इटावा (उत्तर प्रदेश) के केशोपुरा निवासी शिवकुमार के रूप में हुई है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
सहायक पुलिस आयुक्त (साइबर अपराध) प्रियांशु दीवान ने बताया कि मामले में ठगी गई राशि में से करीब 13 लाख रुपये आरोपी राजकुमार के बैंक खाते में ट्रांसफर किए गए थे। राजकुमार ने अपना बैंक खाता दीपेंद्र को 10 हजार रुपये में बेचा था। दीपेंद्र ने यह बैंक खाता सिद्धार्थ को 20 हजार रुपये में बेच दिया था। सिद्धार्थ ने यह बैंक खाता एक अन्य व्यक्ति को 30 हजार रुपये में बेचा था। इस बैंक खाते का साइबर ठगी के रुपये ट्रांसफर करने में प्रयोग किया गया था।