17 नवंबर 2021 को गुरुग्राम के नाहरपुर में एक कमरे में हुई थी घिनौनी हरकत
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। 13 साल की बच्ची के साथ हुए दुष्कर्म मामले में अदालत ने चार में से तीन दोषियों को 20-20 साल की कैद सुनाई है। वहीं, चौथे दोषी को पांच साल के कारावास की सजा हुई। एडशिनल सेशन जज डॉ. सुनीता ग्रोवर की अदालत ने बृहस्पतिवार को यह फैसला सुनाया।
17 नवंबर 2021 को 13 साल की बच्ची के साथ गुरुग्राम के नाहरपुर के एक कमरे में दुष्कर्म हुआ था। मामले में 18 नवंबर 2021 को महिला थाना मानेसर में पॉक्सो अधिनियम की धारा 6 और भारतीय दंड संहिता की धारा 376(3) के तहत मामला दर्ज किया गया था। बाद में बीएनएस की धारा 376(डी) और 365/34 भी जोड़ी गई।
दोषियों की पहचान पवन, आदेश, अतुल और अनमोल के रूप में हुई है। चारों यूपी के फिरोजाबाद के रहने वाले हैं। अदालत ने पवन, आदेश और अतुल को पॉक्सो अधिनियम की धारा 6 के तहत दोषी माना और चारों पर 30-30 हजार रुपये का जुर्माना लगाया। उन्हें भारतीय दंड संहिता की धारा 365/34 के तहत पांच-पांच वर्ष के कठोर कारावास और 10-10 हजार रुपये जुर्माने का भी दंड मिला। वहीं, आरोपी अनमोल को भारतीय दंड संहिता की धारा 365/34 के तहत पांच वर्ष के कठोर कारावास और 10 हजार रुपये जुर्माने का दंड मिला।