पुलिस गिरफ्त में साइबर अपराध के पांचों आरोपी।
साइबर थाना ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को किया गिरफ्तार
संवाद न्यूज एजेंसी
नूंह। थाना साइबर क्राइम पुलिस ने साइबर अपराध के बढ़ते मामलों पर शिकंजा कसते हुए एक बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने पांच साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें से चार को तीन अलग-अलग मामलों में पकड़ा गया है, जबकि एक आरोपी को पुराने दर्ज मामले में गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार किए गए सभी आरोपी लंबे समय से फर्जी सिम कार्ड, नकली मोबाइल अकाउंट और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल करके आमजन को ठगने का काम कर रहे थे।
पुलिस के अनुसार पहला मामला नकली सोने की ईंट बेचने के नाम पर लोगों से ठगी करने का है, जिसमें पुलिस ने गांव घासेड़ा बाईपास से इब्बन निवासी तिरवाड़ा और तौफिक निवासी सालाहेड़ी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने खुलासा किया कि वे फर्जी सिम कार्ड का इस्तेमाल कर व्हाट्सएप के जरिए सोने की ईंटें बेचने का झांसा देकर लोगों से पैसे ठगते थे। पुलिस ने इनके कब्जे से मोबाइल फोन, फर्जी सिम कार्ड, नकली सोने की ईंटें, हथौड़ी और छैनी बरामद की हैं। इस गिरोह से जुड़ा तीसरा आरोपी मोहब्बत निवासी तिरवाड़ा को भी बाद में गिरफ्तार किया गया, जिसने इब्बन और तौफिक को फर्जी सिम उपलब्ध कराई थी।
दूसरे मामले में थाना साइबर क्राइम नूंह की टीम ने मुखबिर की सूचना पर अडबर चौक नूंह से तारिफ और बिलाल दोनों निवासी मल्लाहाका थाना पुन्हाना को गिरफ्तार किया। पुलिस जांच में पता चला कि इन मोबाइल नंबरों से मुंबई और तेलंगाना के लोगों के साथ ठगी के मामले दर्ज हैं। तीसरे और पुराने मामले में पुलिस ने सोयब निवासी सिरौली थाना सदर पुन्हाना को गिरफ्तार किया। सभी गिरफ्तार आरोपियों को पुलिस ने अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें 14 दिन के न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।