गुरुग्राम। वजीराबाद की युवती से पटौदी के गांव जुडौल के पास सामूहिक दुष्कर्म कर फरार हुए तीनों आरोपी युवक सुभाष, अनुज व नवीन को पुलिस ने रविवार को राजस्थान के अलवर से दबोच लिया है। आरोपी गांव जुडौल के ही हैं। वहीं दोषियों के खिलाफ मामला दर्ज कराने के बाद भी दुष्कर्म पीड़िता कोर्ट में यह बयान दे चुकी है कि उसके साथ इस तरह की कोई वारदात नहीं हुई। हालांकि पुलिस का कहना है कि वारदात हुई है, घटना स्थल पर इसके सबूत हैं।
शुक्रवार को ईद के दिन चिकन पार्टी करने के लिए मूल रूप से बिहार की व वजीराबाद में रहने वाली 22 वर्षीय युवती बाइक पर दो दोस्तों के साथ पटौदी से मीट खरीदने गई थी। जहां स्कार्पियो सवार सुभाष, अनुज व नवीन ने युवती व उसके दोस्तों का पीछा कर बाइक से जबरदस्ती उतारकर अपनी स्कार्पियो में बिठा लिया। आरोपियों ने अपने ही गांव जुडौल के पास एक खेत में युवकों को बंधक बनाकर युवती से सामूहिक दुष्कर्म किया। आरोप है कि इस दौरान दुष्कर्म का वीडियो बना लिया। आरोपी तीनों को स्कार्पियो में दोबारा बिठाकर गुरुग्राम में एक मॉल के पास छोड़ गए। वारदात के दिन ही पीड़ित युवती ने थाना मानेसर में तहरीर देकर तीनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करा दिया। पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर राजस्थान के अलवर से गिरफ्तार कर लिया। हालांकि कोर्ट में जाने के बाद पीड़ित युवती घटना व अपने बयान से मुकर गई। इस मामले में महिला थाना मानेसर की एसएचओ पूनम हुड्डा का कहना है कि वारदात हुुई है, इस बात के घटनास्थल पर सबूत हैं, युवती अपने बयान से क्यों मुकर रही है, इसकी जांच की जा रही है। तीनों आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल लिया है।