पीड़ित की शिकायत पर सेक्टर-9 थाने में प्राथमिकी दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। सेक्टर-9 थाना क्षेत्र में महिला ने एक व्यक्ति को मेडिकल खर्च के नाम पर एक लाख रुपये नहीं देने पर झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी। शिकायत में सड़क हादसे में घायल होने के नाम पर मेडिकल खर्च के लिए रुपये मांगने का आरोप है। पीड़ित की शिकायत पर सेक्टर-9 थाने में संबंधित धाराओं में 28 जुलाई को प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
लक्ष्मण विहार फेज-2 निवासी नवीन कुमार ने पुलिस को बताया कि 11 जुलाई को वे अपनी पत्नी के साथ बाइक से निजी अस्पताल में अपने पिता से मिलने जा रहे थे। दौलताबाद फ्लाईओवर के पास वन-वे रोड पर सामने से गलत दिशा में तेज रफ्तार में आ रही स्कूटी ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। स्कूटी पर दो व्यक्ति बिना हेलमेट लगाए बैठे थे। हादसे में स्कूटी चालक परमजीत घायल हो गया, जबकि शिकायतकर्ता की बाइक क्षतिग्रस्त हो गई।
पीड़ित नवीन ने पुलिस को बताया कि दुर्घटना के बाद उन्होंने स्वयं एंबुलेंस व पुलिस को सूचना देकर घायल को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। 15 जुलाई को परमजीत की पत्नी ने कथित रूप से उनके मोबाइल पर कॉल करके मेडिकल खर्च के लिए एक लाख रुपये की मांग की। रुपये नहीं देने पर झूठे केस में फंसाने की धमकी दी। पुलिस ने घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज की जांच की, जिसमें स्कूटी चालक परमजीत गलत दिशा में वाहन चलाता हुआ दिखाई दिया। जांच में प्रथम दृष्टया हादसे का कारण स्कूटी चालक की लापरवाही पाया गया है। हालांकि, जबरन वसूली और धमकी देने के आरोपों के समर्थन में फिलहाल कोई ठोस साक्ष्य नहीं मिले हैं।