द्वारका एक्सप्रेसवे से सटी 20 से अधिक सोसाइटियों में अब भी नहीं पहुंची पीएनजी सुविधा, सिलेंडर पर निर्भर निवासी
संवाद न्यूज एजेंसी
न्यू गुरुग्राम। द्वारका एक्सप्रेसवे से सटी 20 से अधिक सोसाइटियों के करीब 10 हजार परिवार आज भी पीएनजी (पाइप प्राकृतिक गैस) कनेक्शन का इंतजार कर रहे हैं। बुनियादी सुविधाओं के अभाव में इन निवासियों को पूरी तरह एलपीजी सिलेंडर पर निर्भर रहना पड़ रहा है। इसी बीच, 7 जून से एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में 29 रुपये की ताजा बढ़ोतरी ने मध्यमवर्गीय परिवारों की चिंता को और बढ़ा दिया है। इस वृद्धि के बाद जिले में घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत 921.50 रुपये से बढ़कर करीब 950.50 रुपये हो गया है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि पीएनजी न सिर्फ एलपीजी से सस्ती (करीब 51.50 रुपये प्रति एससीएम) है, बल्कि बहुमंजिला इमारतों में सुरक्षा और सुविधा के लिहाज से भी बेहतर है। निवासियों ने जिला प्रशासन और संबंधित गैस एजेंसियों से जल्द से जल्द पाइपलाइन नेटवर्क को चालू करने की गुहार लगाई है।
लोग बोले - पीएनजी कनेक्शन की कई बार उठाई है मांग
कई बार पीएनजी कनेक्शन की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग उठाई है लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। पीएनजी नहीं होने के कारण लोगों को एलपीजी सिलेंडर पर निर्भर रहना पड़ रहा है। -भानु प्रताप, निवासी, ग्रैंड आईवा सोसाइटी, सेक्टर-103
सोसाइटी में अभी तक पीएनजी कनेक्शन उपलब्ध नहीं है। ऐसे में एलपीजी सिलेंडर ही एकमात्र विकल्प है। सिलेंडर के दाम बढ़ने से परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। संबंधित एजेंसियों को जल्द पीएनजी सुविधा शुरू करनी चाहिए। -अशोक मुद्गिल, निवासी, लैंडमार्क द रेजिडेंसी, सेक्टर-103
कई सोसाइटियों में अभी तक पीएनजी सुविधा नहीं पहुंच पाई है। हर महीने एलपीजी सिलेंडर पर निर्भर रहना पड़ता है। अब कीमतों में बढ़ोतरी से परिवारों का खर्च और बढ़ जाएगा। प्रशासन को इस समस्या का जल्द समाधान करना चाहिए। -आशीष चावला, निवासी, लैंडमार्क द रेजिडेंसी, सेक्टर-103
पीएनजी कनेक्शन होने से गैस की उपलब्धता आसान हो जाती है, लेकिन हमारी सोसाइटी में अभी तक यह सुविधा नहीं मिली है। एलपीजी सिलेंडर के बढ़ते दामों का सीधा असर घर के बजट पर पड़ेगा। -सृष्टि सिंह, गोदरेज मेरिडियन सोसाइटी, निवासी, सेक्टर 106