शिवाजी नगर थाना पुलिस को दी शिकायत, दुकान बंद करने की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। सेक्टर-11 स्थित प्राचीन भूतेश्वर मंदिर के पास चिकन बिरयानी की दुकान खोलने को लेकर शुक्रवार को बजरंग दल ने विरोध किया। इस दौरान मंदिर के पुजारी ने भी आकर विरोध जताया। सूचना मिलने पर शिवाजी नगर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
बजरंग दल के कार्यकर्ता की तरफ से इसकी लिखित शिकायत शिवाजी नगर थाना पुलिस को भी दी गई है। बजरंग दल के प्रखंड सह संयोजक वीरेंद्र सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि चिकन बिरयानी की दुकान भूतेश्वर मंदिर परिसर के पास में ही खोली गई है। उनका कहना है कि वह मंगलवार को मंदिर में हनुमान चालीसा पढ़ने के लिए आते हैं। उस दौरान वह चिकन बिरयानी की दुकान खुली ही रहती है। मंदिर परिसर के पास इस तरह की दुकान खुलने से धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंच रही है। उनका कहना है कि प्राचीन मंदिर के पास इस तरह की दुकानें नहीं खुलनी चाहिए। दुकान संचालक ने अतिक्रमण भी किया हुआ है। शिवाजी नगर थाना पुलिस देवेंद्र ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। दुकान की लाइसेंस की वैधता और धार्मिक स्थल से दूरी के नियमों की भी जांच की जा रही है।