दिहाड़ी-मजदूरी का काम कर रहे थे 14 घुसपैठिये, पूछताछ में किया खुलासा
विराट त्यागी
गुरुग्राम। एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (एटीएस) की टीम ने बृहस्पतिवार को पकड़े गए 14 बांग्लादेशियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में पता चला कि 14 में से दो अवैध नागरिक ऐसे हैं जो 19 साल पहले सुरंग के रास्ते से देश में घुसे थे। इसके बाद से गुरुग्राम में रहकर दिहाड़ी मजदूरी कर रहे थे। इन्होंने घुसपैठ करने के बाद अपने अन्य साथियों के साथ प्रवेश करने में मदद की।
सभी बांग्लादेशियों ने इसके बाद शहर में अलग-अलग झुग्गियों में रहकर मजदूरी का काम करना शुरू कर दिया। एटीएस से पूछताछ के दौरान अनवर हुसैन ने बताया कि वह और राजू उर्फ आलम ने 2007 में सुरंग के माध्यम से प्रवेश किया था। इसके बाद बाकियों ने भी प्रवेश करना शुरू कर दिया। इसी साल 8 बांग्लादेशी सुरंग के रास्ते आए थे।
पकड़े गए बांग्लादेशी में से ज्यादातर झुग्गियों में रहकर एक ही श्रेणी के काम में शामिल हो गए। एटीएस की जांच में सामने आया है कि ज्यादातर बांग्लादेशी रेडी मिक्स कंक्रीट (आरएमसी) पाइपलाइन में काम करते थे। एटीएस यह भी जानने का कोशिश कर रही है कि यह सिर्फ आरएमसी में ही क्यों काम कर रहे थे।
फर्जी आधार व पासपोर्ट बनवाए
एटीएस की जांच में पता चला कि सभी आधार कार्ड बनवा चुके हैं। हालांकि इनके पास अभी कुछ आईडी बांग्लादेश की मौजूद हैं। एक घुसपैठिये ने पासपोर्ट भी बनवा लिया था। एटीएस इस मामले में यह भी जांच कर रही है कि पासपोर्ट बनवाने में किन- किन लोगों ने सहयोग दिया। इसके साथ ही आधार कार्ड तैयार कराने में भी स्थानीय स्तर पर कौन लोग मदद कर रहे थे।
सघन जांच करने की तैयारी में एटीएस
एक साथ 14 बांग्लादेशी पकड़ने पर एटीएस अब शहर के अंदर सघन जांच करने की तैयारी में है। वह शहर में हो रहे बड़े स्तर पर निर्माणाधीन भवन में काम कर रहे मजदूरों की पहचान को लेकर जांच शुरू करेगी। इसके साथ ही शहर के सभी आरएमसी प्लांट पर भी निरीक्षण किया जाएगा। 14 बांग्लादेशी पकड़े जाने के बाद आशंका है कि नाम बदलकर या पहचान छुपाकर अन्य बांग्लादेशी भी शहर में काम कर रहे है।