सुबह 11 बजे से रात आठ बजे तक बिजली कटौती से परेशान हुए लोग
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। एक ओर प्रदूषण के कारण ग्रैप के तीसरे चरण के नियम लागू हो रहे हैं, तो दूसरी ओर सोसाइटियों को डीजल आधारित जेनसेट चलाए जाने की जरूरत पड़ रही है। सेक्टर 71 स्थित एंडोर हाईट्स सोसाइटी के निवासियों ने बताया कि उनकी सोसाइटी में शुक्रवार को सुबह 11 बजे से रात के आठ बजे तक बिजली कटौती की गई।
लोगों का कहना है कि बिजली निगम ने कटौती की पूर्व सूचना दे दी थी, मगर रखरखाव का काम इस समय करना कितना उचित है जबकि प्रदूषण बहुत ज्यादा बढ़ गया है। हाई राइज सोसाइटियों में 24 घंटे बिजली होना अनिवार्य है। कटौती की स्थिति में डीजल आधारित जेनसेट चलाया जा रहा है। इससे हवा में प्रदूषण की मात्रा बढ़ गई है।
सोसाइटी के निवासियों का कहना है कि बिजली इंफ्रास्ट्रक्चर के रखरखाव के नाम पर बार बार लंबे समय तक बिजली कटौती करना उचित नहीं। डीजल आधारित जेनसेट के प्रयोग से एक ओर प्रदूषण बढ़ता है तो दूसरी ओर इसकी बिजली एचबीवीएन की बिजली के मुकाबले प्रति यूनिट करीब चार गुना ज्यादा महंगी होती है। यह आर्थिक बोझ भी निवासियों को ही उठाना पड़ता है।