गुरुग्राम। वाटिका इंडिया नेक्स्ट समेत सेक्टर- 82, 83, 84 और 85 के लोगों को अलग से श्मशान के लिए भूमि मिलेगी। इस बात की तस्दीक हरियाणा औद्योगिक संरचनात्मक विकास निगम के सीनियर टाउन प्लानर ने एक आदेश के माध्यम से किया है।
नए गुरुग्राम के इस हिस्से के सीनियर सिटिजन फेडरेशन के प्रतिनिधि लंबे समय से इस क्षेत्र की सोसाइटियों के लोगों के लिए अलग श्मशान भूमि की मांग कर रहे थे। इसे लेकर लोगों ने उद्योग मंत्री राव नरबीर सिंह से गुहार लगाई थी। अब एचएसआईआईडीसी की जमीन पर लोगों के लिए श्मशान भूमि मिल सकेगी। ग्रीवेंस कमेटी की सदस्य अनु यादव ने बताया कि लंबे समय से इसकी मांग चल रही थी।
नए गुरुग्राम की सोसाइटियों के लोगों के लिए मृतकों का अंतिम संस्कार एक बड़ी चुनौती थी। आसपास के गांवों की श्मशान भूमि में उन्हें संस्कार करने नहीं दिया जाता था। ऐसे में लोगों को किसी के दाह संस्कार के लिए गुरुग्राम में मदनपुरी स्थित रामबाग मोक्ष धाम या सुखराली जाना पड़ता था, जो इस क्षेत्र से काफी दूर है। ब्यूरो